100 केवीए ट्रांसफार्मर की चपेट में आए बुजुर्ग, गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर

22

100 केवीए ट्रांसफार्मर की चपेट में आए बुजुर्ग, गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर

चंदौली : चहनियां क्षेत्र के नैढी गांव में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। 76 वर्षीय बुजुर्ग नंदू विश्वकर्मा सौ केवीए के ट्रांसफार्मर की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की सतर्कता से समय रहते बिजली आपूर्ति बंद कराई गई और एम्बुलेंस के जरिए उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नंदू विश्वकर्मा के घर के ठीक बगल में 100 केवीए का ट्रांसफार्मर स्थापित है। परिजनों ने बताया कि उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और उनका इलाज जिला अस्पताल से चल रहा है। सोमवार दोपहर बिजली आपूर्ति बाधित थी। इसी दौरान वह किसी तरह ट्रांसफार्मर के समीप पहुंच गए। तभी अचानक विद्युत आपूर्ति बहाल हो गई और वह करंट की चपेट में आ गए।

करंट लगते ही वह जमीन पर गिर पड़े और बुरी तरह झुलस गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने तत्काल बिजली उपकेंद्र पर फोन कर सप्लाई बंद कराई। इसके बाद ग्रामीणों ने 102 नंबर पर कॉल कर एम्बुलेंस बुलाई और गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, चहनियां पहुंचाया।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. रितेश कुमार ने बताया कि बुजुर्ग की स्थिति गंभीर थी। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि रिहायशी इलाके में खुले स्थान पर ट्रांसफार्मर लगे होने से हमेशा हादसे की आशंका बनी रहती है। कई बार विभाग को अवगत कराने के बावजूद सुरक्षा की दृष्टि से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से ट्रांसफार्मर की सुरक्षित घेराबंदी कराने तथा आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। फिलहाल, बुजुर्ग की हालत नाजुक बताई जा रही है और उनका उपचार जिला अस्पताल में जारी है।