गाजीपुर की निशा विश्वकर्मा को न्याय दिलाने की मांग तेज, सीएम को भेजा ज्ञापन
चंदौली : गाजीपुर जनपद में हुई निशा विश्वकर्मा की हत्या के मामले ने क्षेत्र में आक्रोश पैदा कर दिया है। बुधवार को विश्वकर्मा उत्थान मंच, चकिया के पदाधिकारियों व सदस्यों ने मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन उप जिलाधिकारी विनय कुमार मिश्र को सौंपकर न्याय की मांग की।
मंच के सदस्यों ने कहा कि करंडा थाना क्षेत्र के कटारिया गांव निवासी सीताराम विश्वकर्मा की पुत्री निशा विश्वकर्मा की हत्या की घटना ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। इस घटना को लेकर लोगों में गहरा रोष व्याप्त है।
ज्ञापन के माध्यम से सदस्यों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने, पीड़ित परिवार को सुरक्षा प्रदान करने तथा समाज के खिलाफ हो रहे अत्याचारों पर रोक लगाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं से समाज में भय और असुरक्षा का माहौल बनता है, जिसे समाप्त करना जरूरी है।
उप जिलाधिकारी विनय कुमार मिश्र ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उनका ज्ञापन मुख्यमंत्री तक प्रेषित किया जाएगा और मामले में आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित स्तर पर अवगत कराया जाएगा।
इस दौरान भाजपा मंडल उपाध्यक्ष अनीता शर्मा, सभासद मीना विश्वकर्मा, शैलेश चंद्र शर्मा, विष्णु प्रसाद विश्वकर्मा, राजेश विश्वकर्मा, विजय विश्वकर्मा, आरती विश्वकर्मा, सुनीता विश्वकर्मा और सुभाष विश्वकर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


















