अवैध खनन पर वन विभाग का शिकंजा, बिना कागजात ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी, वाहन जब्त कर विधिक प्रक्रिया शुरू

203

अवैध खनन पर वन विभाग का शिकंजा, बिना कागजात ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी, वाहन जब्त कर विधिक प्रक्रिया शुरू

चंदौली : जनपद में अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत वन विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना वैध कागजात के खनिज परिवहन कर रहे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ लिया। चंद्रप्रभा रेंज के अंतर्गत यह कार्रवाई रेंजर अखिलेश दुबे के नेतृत्व में की गई।

बताया गया कि वन विभाग की टीम चकिया-अहरौरा मार्ग पर नियमित गश्त कर रही थी। इसी दौरान ग्राम लठिया कला के समीप एक संदिग्ध ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोककर जांच की गई। जांच में ट्रॉली में पत्थर (ढोका) लदा पाया गया, लेकिन चालक द्वारा कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका।

दस्तावेजों के अभाव में टीम ने तत्काल ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर चकिया रेंज परिसर में खड़ा करा दिया और उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अवैध खनन और बिना अनुमति खनिज परिवहन पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी है।

रेंजर अखिलेश दुबे ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि विभाग की सतत कार्रवाई से अवैध खनन में संलिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।

लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से यह संकेत मिल रहा है कि प्रशासन अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह शिकंजा कसने के मूड में है और भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।