तहसील सकलडीहा में संपूर्ण समाधान दिवस, 108 में से 10 शिकायतों का मौके पर निस्तारण

105

तहसील सकलडीहा में संपूर्ण समाधान दिवस, 108 में से 10 शिकायतों का मौके पर निस्तारण

चंदौली : जनसमस्याओं के त्वरित, निष्पक्ष और पारदर्शी निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को जिले की सभी तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील सकलडीहा में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने संयुक्त रूप से की।

गुणवत्ता के साथ निस्तारण पर डीएम का जोर

संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को अधिकारियों ने गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों को शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में समय सीमा के साथ गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि आमजन को वास्तविक राहत मिल सके।

योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाने के निर्देश

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांगजन पेंशन, निराश्रित पेंशन योजना जैसी लाभार्थीपरक योजनाओं का अधिकतम लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया जाए। साथ ही निर्विवाद वरासत सहित अन्य लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।

जमीन, बिजली व पुलिस से जुड़ी रही अधिकतर शिकायतें

कार्यक्रम में कुल 108 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 10 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष प्रार्थना पत्रों को निर्धारित समय सीमा के भीतर निपटाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। जिलाधिकारी ने बताया कि अधिकांश शिकायतें भूमि, विकास, सिंचाई, विद्युत और पुलिस विभाग से संबंधित रहीं।

आईजीआरएस से शिकायतों की हो रही मॉनिटरिंग

उन्होंने यह भी कहा कि आईजीआरएस प्रणाली के माध्यम से शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है, जिससे निस्तारण की प्रक्रिया में पारदर्शिता आई है और पहले की तुलना में अधिक मामलों का समाधान हो रहा है। बावजूद इसके, अधिकारियों और कर्मचारियों को समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए सख्त निर्देश दिए गए हैं।

ये रहे मौजूद

इस अवसर पर पीडी डीआरडीए बी.बी. सिंह, उप जिलाधिकारी कुंदन राज कपूर, जिला पंचायती राज अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।