पेट्रोल पंप पर दो पक्षों में मारपीट, पारिवारिक विवाद ने लिया उग्र रूप, पुलिस ने संभाली स्थिति, घटना का सीसीटीवी फुटेज वायरल
चंदौली : इलिया थाना क्षेत्र के मालदह गांव स्थित एक पेट्रोल पंप पर पारिवारिक विवाद ने उस समय उग्र रूप ले लिया जब दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद जमकर मारपीट हो गई। घटना से पेट्रोल पंप परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, मालदह गांव में स्थित पेट्रोल पंप पर रविवार को दो पक्ष किसी पारिवारिक विवाद को लेकर आमने-सामने आ गए। पहले दोनों पक्षों में तीखी बहस हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों ओर से एक दूसरे पर हाथपाई मारपीट हुई। जिससे कुछ लोगों को हल्की चोटें आईं। घटना के दौरान पेट्रोल पंप पर मौजूद ग्राहकों में दहशत फैल गई और कुछ देर के लिए बिक्री कार्य भी बाधित रहा।
पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना कैद हो गई है। फुटेज में दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
सूचना पर पहुंची इलिया थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही, पांच लोगों का शांतिभंग की आशंका में चालान किया गया है। वहीं, तीन लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी रही, हालांकि पुलिस की सतर्कता से हालात सामान्य हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून को अपने हाथ में न लें और तत्काल प्रशासन को सूचना दें।


















