अज्ञात वाहन की टक्कर से पूर्व सैनिक की दर्दनाक मौत, जांच में जुटी पुलिस
चंदौली : धीना थाना क्षेत्र के जनौली मोड़ के समीप रविवार देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार पूर्व सैनिक की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
जानकारी के अनुसार, चकिया लोढ़वा प्रकाशपुर गांव निवासी रविनंदन यादव (61) पुत्र रामजतन यादव रविवार शाम कमालपुर बाजार से अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह जनौली मोड़ के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से उन्हें तत्काल जिला अस्पताल चंदौली पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया जाता है कि रविनंदन यादव भारतीय सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद अपने गांव में रहकर खेती-बाड़ी का कार्य कर रहे थे। उनके परिवार में एक पुत्र और एक पुत्री हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त हो गया।
धीना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है ताकि दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान कर आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।


















