निष्पक्ष पत्रकारिता के प्रहरी डॉ. अशोक मिश्रा को मिला दोहरा सम्मान

141

निष्पक्ष पत्रकारिता के प्रहरी डॉ. अशोक मिश्रा को मिला दोहरा सम्मान 

चंदौली : पत्रकारिता की सशक्त और निष्पक्ष आवाज़ को सम्मानित करते हुए सच की दस्तक के नवें स्थापना दिवस समारोह में वरिष्ठ पत्रकार डॉ. अशोक मिश्रा को कलमश्री और कबीर सम्मान से अलंकृत किया गया। यह सम्मान उन्हें उनके चार दशकों से अधिक लंबे लेखन, व्यंग्यात्मक शैली और समाजोन्मुख पत्रकारिता के लिए प्रदान किया गया। धानापुर ब्लॉक के अमादपुर गांव निवासी डॉ. मिश्रा पिछले 40 वर्षों से विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में लेखन कर रहे हैं। उनका धारदार और व्यंग्यपूर्ण लेखन उन्हें विशेष पहचान दिलाता है। वर्तमान में वे राष्ट्रीय पत्रकार संघ भारत के जिलाप्रभारी पद पर कार्यरत हैं।

सांसद ने कहा पत्रकारिता सच का आईना

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भदोही सांसद डॉ. विनोद बिंद ने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता सच का आईना है। आज के दौर में पत्रकार निर्भीक होकर सच सामने ला रहे हैं, जबकि आपातकाल में सच लिखने पर पत्रकारों को जेल जाना पड़ता था। उन्होंने कहा कि “पत्रकारिता प्रतिशोध की भावना से नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्रहित में होनी चाहिए।”

प्रो. त्रिपाठी बोले – सकारात्मक आलोचना जरूरी

काशी हिंदू विश्वविद्यालय के ज्योतिष विभागाध्यक्ष प्रो. शत्रुघ्न त्रिपाठी ने कहा कि “पत्रकारिता में सकारात्मक आलोचना आवश्यक है। आलोचना से ही शासन और समाज में सुधार संभव है।”

सच कहने की ताकत पत्रकारिता में निहित

उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष एवं राज्यमंत्री सोहन लाल ने कहा कि पत्रकारिता में सच कहने की ताकत होती है और यही सच समाज की सोच को गढ़ता है।

विधायक बोले – केवल आलोचना पत्रकारिता नहीं

मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल ने कहा कि “आज पत्रकारिता केवल आलोचना तक सीमित होती जा रही है, जो गलत है। पत्रकारों को तथ्यों और प्रमाणों के साथ सत्य प्रस्तुत करना चाहिए।”

अन्य वक्ताओं की राय

डॉ. नागेंद्र सिंह (महामना मालवीय हिंदी पत्रकारिता संस्थान निदेशक) ने कहा कि पत्रकारिता का स्वरूप सकारात्मक होना चाहिए, नकारात्मक पत्रकारिता समाज के लिए हानिकारक होती है।

अन्य विभूतियों को भी मिला सम्मान

समारोह में अन्य कई लोगों को भी सम्मानित किया गया जिनमें साहित्य शिल्पी सम्मान – रामकृष्ण सहस्त्रबुद्धे, कलमश्री सम्मान – अमरेंद्र पांडेय, कलमश्री व कबीर सम्मान – डॉ. अशोक मिश्रा, सेवाश्री सम्मान – विभा राय, विकास गर्ग, मालती गुप्ता, ज्योतिष भूषण सम्मान – प्रो. शत्रुघ्न त्रिपाठी, संस्कृत भूषण सम्मान – कमल, कलाश्री सम्मान – विजय (सीवान, बिहार) एवं स्नेहा शामिल है।

दीप प्रज्वलन से हुआ आगाज़

समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुआ। संचालन डॉ. सुभद्रा कुमारी ने किया, स्वागत अशोक सैनी और मनोज उपाध्याय ने किया। कार्यक्रम की रूपरेखा ब्रजेश कुमार ने प्रस्तुत की और धन्यवाद ज्ञापन कमलेश तिवारी एवं राकेश शर्मा ने दिया।

बड़ी संख्या में गणमान्य लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में पत्रकार, साहित्यकार और समाजसेवी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। प्रमुख रूप से संजय पाठक, बृजेश सैनी, राजकुमार सैनी, मनोज भरतद्वाज, जितेंद्र मिश्र, पवन तिवारी, रतन दीक्षित, कुंदन सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति शामिल रहे।

यह समारोह न सिर्फ सच की ताकत को रेखांकित करने वाला अवसर बना बल्कि पत्रकारिता की गरिमा और जिम्मेदारी को भी नए सिरे से परिभाषित करने वाला साबित हुआ। डॉ. अशोक मिश्रा का सम्मान पूरे जनपद ही नहीं बल्कि पत्रकारिता जगत के लिए गौरव का क्षण बना।