हरिहर भारत गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं ने लगाए दुर्व्यवहार और मनमानी के आरोप, जांच की मांग तेज
चंदौली : धानापुर स्थित हरिहर भारत गैस एजेंसी एक बार फिर उपभोक्ताओं की शिकायतों को लेकर चर्चा में है। एजेंसी संचालक और कर्मचारियों पर उपभोक्ताओं के साथ दुर्व्यवहार, गैस वितरण में मनमानी और निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूलने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। लगातार मिल रही शिकायतों से क्षेत्रीय उपभोक्ताओं में भारी आक्रोश व्याप्त है।
चहनियां क्षेत्र के सेवढ़ी गांव निवासी उपभोक्ता आनन्द प्रकाश मिश्र ने बताया कि उन्होंने 22 अप्रैल को गैस सिलेंडर के लिए बुकिंग कराई थी, जिसका वेरिफिकेशन 7 मई को हुआ। इसके बाद जब वह 9 मई को एजेंसी पर गैस लेने पहुंचे तो एजेंसी संचालक ने उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए बुकिंग को निरस्त बता दिया और गैस देने से साफ इनकार कर दिया। आरोप है कि संचालक ने उनसे कहा, “हमारे 40 हजार उपभोक्ता हैं, जो करना है कर लो।”
पीड़ित उपभोक्ता का कहना है कि इस तरह के व्यवहार से उन्हें मानसिक रूप से काफी आघात पहुंचा है। वहीं एजेंसी पर मौजूद अन्य उपभोक्ताओं ने भी अपनी-अपनी समस्याएं साझा करते हुए एजेंसी की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए।
उपभोक्ताओं का आरोप है कि एजेंसी द्वारा जानबूझकर बुकिंग निरस्त कर दी जाती है और बाद में कर्मचारियों के माध्यम से प्रति सिलेंडर 100 से 200 रुपये अतिरिक्त लेकर उसी निरस्त बुकिंग पर गैस उपलब्ध करा दी जाती है। इससे साफ तौर पर कालाबाजारी और उपभोक्ताओं के शोषण की आशंका जताई जा रही है।
कई उपभोक्ताओं ने यह भी बताया कि बुकिंग और वेरिफिकेशन पूरा होने के बावजूद उन्हें समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है, जिससे घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बार-बार एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, जिससे उनमें नाराजगी बढ़ती जा रही है।
क्षेत्रीय लोगों और उपभोक्ताओं ने जिलाधिकारी का ध्यान इस गंभीर मामले की ओर आकृष्ट कराते हुए एजेंसी की कार्यप्रणाली की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।


















