संपूर्ण समाधान दिवस में 99 शिकायतें, दो का मौके पर निस्तारण, लंबित मामलों को एक सप्ताह में गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारित करने के डीएम ने दिए निर्देश
चंदौली : नौगढ़ तहसील सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। समाधान दिवस में कुल 99 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें महज दो मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया जा सका।
समाधान दिवस में सर्वाधिक शिकायतें राजस्व, वन विभाग, विकास तथा पुलिस प्रशासन से संबंधित रहीं। मौके पर शिकायतों के कम निस्तारण पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को लंबित प्रार्थना पत्रों का एक सप्ताह के भीतर प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि आवश्यकता पड़ने पर अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर समस्या का समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निस्तारण इस प्रकार किया जाए कि फरियादी को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
पुलिस अधीक्षक ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों के त्वरित एवं पारदर्शी निस्तारण पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि राजस्व टीम के साथ समन्वय स्थापित कर भूमि विवादों एवं पुलिस से जुड़ी शिकायतों का मौके पर जाकर निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित करें।
समाधान दिवस में मुख्य चिकित्साधिकारी परितोष मिश्रा, उप जिलाधिकारी पवन यादव, अधिशासी अभियंता विद्युत, चंद्रप्रभा, सोशल सेक्टर के अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, तहसीलदार राहुल सिंह, खंड विकास अधिकारी राकेश कुमार, वन क्षेत्राधिकारी नौगढ़ मोहन सिंह समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


















