जिला अस्पताल में सीडीओ ने किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं पर कसा शिकंजा

72

जिला अस्पताल में सीडीओ ने किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं पर कसा शिकंजा

चंदौली : जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने की कवायद के तहत मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं ने बुधवार को बाबा कीनाराम स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध पंडित कमलापति त्रिपाठी जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद स्वास्थ्य विभाग में हलचल तेज हो गई है और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की कवायद शुरू हो गई है।

सीडीओ ने अस्पताल पहुंचते ही ओपीडी, वार्ड, इमरजेंसी सहित विभिन्न पटल का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों को दी जा रही चिकित्सा सुविधाओं, उपचार की गुणवत्ता, दवाओं की उपलब्धता तथा चिकित्सकीय स्टाफ की उपस्थिति की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने मरीजों से बातचीत कर भी व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी सेवाएं पारदर्शी, समयबद्ध और प्रभावी ढंग से संचालित होनी चाहिए। उन्होंने चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति, जरूरी उपकरणों की कार्यशीलता और दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सीडीओ ने अस्पताल की कैंटीन का भी निरीक्षण किया। यहां मरीजों और उनके तीमारदारों के लिए तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही पैकेजिंग फूड पर एक्सपायरी डेट की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए सभी डॉक्टर और स्टाफ पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें। यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता सामने आती है, तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक सहित अन्य चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।