नहर में डूबने से सगे भाई-बहन की मौत, गांव में पसरा मातम
चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के मथेला गांव में सोमवार दोपहर दर्दनाक हादसे में नहर में डूबने से सगे भाई-बहन की मौत हो गई। मृतकों की पहचान 10 वर्षीय क्षितिज कुमार और चार वर्षीय साक्षी के रूप में हुई। दोनों की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में मातम छा गया।
मथेला गांव निवासी गोबिंद कुशवाहा बाहर रहकर निजी नौकरी करते हैं। सोमवार को छुट्टी होने के कारण क्षितिज, उसकी बहन छह वर्षीय लक्ष्मी और चार वर्षीय साक्षी घर पर थे। दोपहर में तीनों नहर किनारे पेड़ पर लगे झूले के पास पहुंचे। साक्षी झूला झूल रही थी, जबकि क्षितिज उसे झूला झुला रहा था। इसी दौरान अचानक साक्षी का हाथ छूट गया और वह नहर में जा गिरी।
बहन को नहर में गिरता देख क्षितिज उसे बचाने के लिए पानी में उतर गया, लेकिन तेज बहाव और गहरे पानी के कारण वह भी डूब गया। यह देखकर छह वर्षीय लक्ष्मी दौड़कर घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और लबालब भरी नहर में बच्चों की तलाश शुरू कर दी।
ग्रामीणों के करीब आधे घंटे के प्रयास के बाद साक्षी का शव नहर से बरामद हुआ। इसके करीब डेढ़ घंटे बाद क्षितिज का शव भी मिल गया। सूचना पर पहुंची बलुआ पुलिस दोनों बच्चों को चहनियां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर विधायक प्रभु नारायण सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने उच्चाधिकारियों को घटना से अवगत कराया और उपस्थित उपजिलाधिकारी से दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के साथ ही पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जाता है कि क्षितिज कक्षा चार में पढ़ता था, जबकि साक्षी बिसापुर प्राथमिक विद्यालय के आंगनबाड़ी केंद्र में पढ़ती थी। उनकी बहन लक्ष्मी कक्षा दो की छात्रा है। दो मासूमों की एक साथ मौत से गांव में सन्नाटा पसरा है। दादा रामदुलार, पिता गोबिंद कुशवाहा, मां गौरा देवी और दादी कुसुम लता का रो-रोकर बुरा हाल है।


















