गौ-तस्करी पर पुलिस का बड़ा प्रहार, बिना नम्बर पिकअप से 13 गोवंश बरामद, एक तस्कर तमंचे सहित गिरफ्तार
चंदौली : पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर अपराधियों व गौ-तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बलुआ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गौ-तस्कर को गिरफ्तार कर 13 जीवित गोवंशों को मुक्त कराया है। पुलिस ने मौके से एक बिना नम्बर की पिकअप, एक तमंचा, दो जिन्दा कारतूस, एक मोबाइल फोन और नगद धनराशि बरामद की है।
यह कार्रवाई बलुआ थानाध्यक्ष अतुल कुमार के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अमित सिंह, चौकी प्रभारी मारूफपुर मय हमराहियों की टीम ने की। टीम ने शुक्रवार की सुबह बलुआ तिराहा स्थित ग्राम सराय के पास से एक संदिग्ध बिना नम्बर की पिकअप को रोका। तलाशी लेने पर वाहन में क्रूरता पूर्वक बंधे हुए 13 जीवित गोवंश पाए गए। मौके पर मौजूद व्यक्ति ने अपना नाम सोनू यादव पुत्र कमलेश यादव निवासी ग्राम सिसौरा थाना धीना, जनपद चंदौली (उम्र 25 वर्ष) बताया।
पुलिस ने जब उसकी तलाशी ली, तो उसकी पैंट की जेब से एक मोबाइल फोन, ₹370 नगद, एक 12 बोर का तमंचा और दो जिन्दा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में सोनू यादव ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ आसपास के गांवों से गोवंश खरीदकर इकट्ठा करता है और उन्हें बिहार ले जाकर वध के लिए ऊंचे दामों पर बेच देता है। इसी अवैध कमाई से वह विलासितापूर्ण जीवन व्यतीत करता है।
थाना बलुआ में उसके खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर वाहन व गोवंश को कब्जे में लेकर विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी व बरामदगी करने वाली पुलिस टीम
थानाध्यक्ष अतुल कुमार, उप निरीक्षक अमित सिंह, उप निरीक्षक राजेश सिंह, उप निरीक्षक अमित कुमार मिश्रा, कांस्टेबल शिशिर यादव, रोहित यादव, रमेश चौहान शामिल रहे।
निष्कर्ष
चंदौली पुलिस ने गौ-तस्करी के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए एक बार फिर अपराधियों को कड़ा संदेश दिया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से न केवल 13 गोवंशों की जान बची बल्कि एक सक्रिय गौ-तस्कर भी हथकड़ी पहनाया गया। पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में चल रहा यह अभियान स्पष्ट करता है कि जिले में अवैध पशु तस्करी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


















