पुलिया के नीचे नाली में अचेत अवस्था में मिला युवक, अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित, पुलिस जांच में जुटी
चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के अमरीपुर गांव में मंगलवार की सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 30 वर्षीय युवक आनन्द कुमार पाण्डेय अचेत अवस्था में पुलिया के नीचे नाली में पड़ा मिला। घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि आनन्द कुमार पाण्डेय सोमवार की शाम से ही घर से लापता थे। परिजन रात भर उनकी तलाश करते रहे, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार की सुबह जब ग्रामीण काली माता मंदिर के पास से गुजर रहे थे, तभी उन्होंने पुलिया के नीचे छोटी नाली के पास एक युवक को अचेत अवस्था में पड़ा देखा। पास जाकर पहचान करने पर वह आनन्द पांडेय निकले।
ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना परिजनों और बलुआ पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बलुआ थाना प्रभारी अरुण कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और युवक को नाली से बाहर निकलवाया। उस समय उसकी सांसें चल रही थीं, जिसके बाद पुलिस ने बिना देर किए अपनी गाड़ी से उसे जिला चिकित्सालय पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद आनन्द को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीणों के अनुसार, आनन्द का आधा शरीर नाली में और आधा सड़क पर पड़ा हुआ था, जिससे घटना को लेकर तरह-तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं।
मृतक आनन्द कुमार पांडेय अमरीपुर गांव के निवासी थे और घर पर रहकर खेती-बाड़ी करते थे। पारिवारिक स्थिति को लेकर भी कुछ बातें सामने आ रही हैं। बताया जा रहा है कि उनकी शादी सकलडीहा के फुल्ली गांव में हुई थी, लेकिन उनकी पत्नी पिछले चार वर्षों से मायके में रह रही थी। इस बात को लेकर वह काफी परेशान रहते थे। उनका एक छह वर्षीय पुत्र भी है, जो अपनी मां के साथ रहता है।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पिता अजय कुमार, माता विद्या देवी और बड़े भाई अभिषेक का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस संबंध में बलुआ थाना प्रभारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने इलाके में कई सवाल खड़े कर दिए हैं और लोग घटना के पीछे की सच्चाई जानने को लेकर चिंतित हैं।


















