चंदौली में डीजल तस्करों पर पुलिस का शिकंजा, 2 हजार लीटर अवैध डीजल के साथ दो गिरफ्तार

61

चंदौली में डीजल तस्करों पर पुलिस का शिकंजा, 2 हजार लीटर अवैध डीजल के साथ दो गिरफ्तार

चंदौली : जनपद में अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सैयदराजा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2000 लीटर अवैध डीजल के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद डीजल की अनुमानित कीमत करीब 1.87 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त बोलेरो वाहन भी कब्जे में ले लिया है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद में शराब, गौ तस्करी और अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना सैयदराजा पुलिस बुधवार रात चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने एनएच-2 स्थित ग्राम बगही कुम्भापुर के पास बोलेरो वाहन संख्या UP75 BT 7546 को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 2000 लीटर अवैध डीजल बरामद हुआ।

पुलिस ने मौके से नावेद पुत्र मैनुद्दीन निवासी फरीदाबाद (हरियाणा) और मोईन पुत्र सुबेद्दीन निवासी अलवर (राजस्थान) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे आरआर फ्यूल गोधना स्थित पेट्रोल पंप से डीजल लेकर बिहार के भभुआ स्थित एक कंस्ट्रक्शन कंपनी तक पहुंचाने जा रहे थे।

पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई सफलतापूर्वक अंजाम दी, जिसमें हेड कांस्टेबल नसीरुद्दीन मोहम्मद हुमायु, कांस्टेबल शंकर प्रसाद और चालक हेड कांस्टेबल विरेश कुमार शामिल रहे।