चंदौली में यातायात नियम तोड़ने वालों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 566 वाहनों का चालान, 9.35 लाख का जुर्माना

42

चंदौली में यातायात नियम तोड़ने वालों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 566 वाहनों का चालान, 9.35 लाख का जुर्माना

चंदौली : जनपद में यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए पुलिस का “विशेष अभियान” लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, उच्चाधिकारियों के निर्देशन में यातायात पुलिस ने नेशनल हाईवे, आलमपुर, चंधासी कोयला मंडी सहित जनपद के विभिन्न प्रमुख मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया।

इस दौरान अवैध पार्किंग, ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई। अभियान में नो पार्किंग में खड़े 324 वाहनों का चालान, 06 वाहनों को सीज तथा ब्रेथ एनलाइजर के जरिए शराब पीकर वाहन चला रहे 01 चालक के खिलाफ कार्रवाई की गई।

वहीं बिना हेलमेट वाहन चला रहे 85 लोगों समेत कुल 566 वाहनों का चालान कर 9 लाख 35 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। पुलिस के अनुसार, पिछले 12 दिनों में 4,194 वाहनों के खिलाफ चालान की कार्रवाई करते हुए 75 लाख 71 हजार रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया है।

यातायात पुलिस ने कार्रवाई के साथ-साथ वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन, शराब या अन्य मादक पदार्थों का सेवन कर वाहन न चलाने तथा यातायात नियमों के उल्लंघन से होने वाली दुर्घटनाओं के प्रति जागरूक भी किया।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में यातायात नियमों के उल्लंघन पर यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।