निर्माणाधीन पुलिस लाइन पर किसानों का विरोध, पैमाइश बिना निर्माण का आरोप, किसानों ने किया हंगामा
चंदौली : सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के भोजापुर गांव स्थित निर्माणाधीन पुलिस लाइन में गुरुवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब दर्जनों किसानों ने निर्माण कार्य रुकवा दिया। किसानों का आरोप था कि पुलिस लाइन की चाहरदीवारी उनकी जमीन में बनाई जा रही है। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारी पहुंच गए। अधिकारियों ने किसानों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन किसान जमीन की पैमाइश और अपनी पूरी भूमि वापस करने की मांग पर अड़े रहे।
भोजापुर गांव के मौजा में बड़े पैमाने पर पुलिस लाइन का निर्माण कार्य चल रहा है। बताया जा रहा है कि निर्माण कार्य लगभग 50 प्रतिशत से अधिक पूरा हो चुका है। गुरुवार को पुलिस लाइन के पश्चिमी छोर पर चाहरदीवारी निर्माण के लिए पाइलिंग का कार्य कराया जा रहा था। इसी दौरान बर्थरा गांव के किसान मौके पर पहुंच गए और निर्माण कार्य में लगी मशीनों को बंद करा दिया।
किसानों प्रद्युम्न, चंदन, श्यामबरन, मुनीब, राजपति, विजय बहादुर और कमलेश ने आरोप लगाया कि बिना पैमाइश कराए उनकी जमीन में खुदाई की जा रही है। किसानों का कहना था कि मौके पर उनकी जमीन पहले से ही कम निकल रही है। इसके संबंध में वे कई बार अधिकारियों को ज्ञापन देकर जमीन की नापी कराने की मांग कर चुके हैं, लेकिन राजस्व विभाग की ओर से अब तक सही पैमाइश नहीं कराई गई।
मामले की जानकारी होने पर नायब तहसीलदार राजेंद्र प्रसाद समेत पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों को आश्वासन दिया कि यदि किसी की जमीन पुलिस लाइन में गई होगी तो नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा। हालांकि किसान तत्काल जमीन की पैमाइश और कब्जे वाली भूमि वापस करने की मांग पर अड़े रहे।
काफी देर तक चली वार्ता के बाद भी कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका। इसके बाद अधिकारी मौके से लौट गए, जिससे किसानों में नाराजगी बनी रही। फिलहाल निर्माण कार्य प्रभावित हो गया है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस विवाद का समाधान किस तरह करता है।


















