निर्माणाधीन पुलिस लाइन का एसपी ने किया गहन निरीक्षण, गुणवत्ता व समय-सीमा पर सख्ती

81

निर्माणाधीन पुलिस लाइन का एसपी ने किया गहन निरीक्षण, गुणवत्ता व समय-सीमा पर सख्ती

चंदौली : जनपद में पुलिस व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में चल रहे प्रयासों के तहत गुरुवार को पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने भोजापुर स्थित निर्माणाधीन पुलिस लाइन का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का बारीकी से अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने निर्माणाधीन भवनों, बैरकों, प्रशासनिक ब्लॉक, आवासीय परिसर तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं का मौके पर जाकर जायजा लिया। उन्होंने कार्यदायी संस्था से निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, कार्य की गति और तकनीकी मानकों के पालन के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या मानकों से समझौता कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं, ताकि पुलिस बल को जल्द से जल्द आधुनिक सुविधाओं से युक्त नई पुलिस लाइन का लाभ मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि निर्माण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और समय-समय पर प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक सुधार सुनिश्चित किए जाएं।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद इंजीनियरों और कर्मचारियों से सीधा संवाद स्थापित कर कार्य की वास्तविक स्थिति जानी और जहां कहीं कमियां पाई गईं, उन्हें तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों के पालन पर भी विशेष जोर दिया, ताकि कार्य के दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर, प्रतिसार निरीक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।