चन्दौली पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन, तेलहरा में फायरिंग व मारपीट मामला, 14 आरोपी गिरफ्तार

49

चन्दौली पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन, तेलहरा में फायरिंग व मारपीट मामला, 14 आरोपी गिरफ्तार

चंदौली : जनपद के कंदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तेलहरा में हुए मारपीट और फायरिंग के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 14 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त एक लाइसेंसी बंदूक और एक खाली कारतूस भी बरामद किया गया है।

लाइसेंसी बंदूक से चली थी गोली

जानकारी के अनुसार, 19 अप्रैल को गांव तेलहरा में एक ही समुदाय के दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश और बच्चों के विवाद को लेकर कहासुनी हो गई थी। विवाद बढ़ने पर एक पक्ष के सुभाष ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग कर दी, जिससे छर्रे लगने से कई लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल पुलिस द्वारा अस्पताल पहुंचाया गया।

एसपी के निर्देश पर शुरू हुई कार्रवाई

इस मामले में अभिमन्यु की तहरीर पर कंदवा थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक अनन्त चन्द्रशेखर व क्षेत्राधिकारी देवेन्द्र कुमार के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष राजीव मल्ल के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

राइस मिल के पास दबोचे गए आरोपी

पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी सुभाष को घटना के दिन ही कंदवा चौराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य 13 अभियुक्तों को अगले दिन तेलहरा स्थित एक राइस मिल के पास खेत से पकड़ा गया।

घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद

गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक लाइसेंसी 12 बोर गन, एक खोखा कारतूस तथा लाठी-डंडे बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार सभी आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पहले भी विवाद हो चुका है, जिसके संबंध में वर्ष 2025 में भी मुकदमा दर्ज किया गया था। इस घटना के बाद गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क है।