पुण्यतिथि पर याद की गईं भगवंती देवी, सैकड़ों महिलाओं को साड़ी वितरण

61

पुण्यतिथि पर याद की गईं भगवंती देवी, सैकड़ों महिलाओं को साड़ी वितरण

चंदौली : चहनियां स्थित मां खंडवारी महिला महाविद्यालय में शनिवार को सेवड़ी ग्राम सभा की पूर्व प्रधान एवं महाविद्यालय की प्रबंधक स्वर्गीय भगवंती देवी की पांचवीं पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों और स्थानीय लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

विधायक सुशील सिंह समेत कई नेताओं ने प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

समारोह के मुख्य अतिथि विधायक सुशील सिंह, पूर्व एमएलसी बृजेश सिंह तथा आकाश सिंह सन्नी सहित अन्य अतिथियों ने महाविद्यालय परिसर में स्थापित स्व. भगवंती देवी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर अतिथियों के हाथों सैकड़ों महिलाओं को साड़ी वितरित की गई, जिससे कार्यक्रम में सामाजिक सरोकार की झलक भी देखने को मिली।

कार्यक्रम की शुरुआत में महाविद्यालय के संस्थापक प्रबंधक डॉ. राजेन्द्र प्रताप सिंह एवं प्रबंध निदेशक डॉ. आशुतोष सिंह “कैलाशी” ने सभी अतिथियों का अंगवस्त्र और माल्यार्पण कर स्वागत किया।

मां की प्रेरणा से ही बनता है व्यक्तित्व – विधायक सुशील सिंह

अपने संबोधन में विधायक सुशील सिंह ने कहा कि किसी भी व्यक्ति के जीवन में मां की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। स्व. भगवंती देवी ने एक साधारण महिला होते हुए भी असाधारण सोच के साथ बेटियों की शिक्षा के लिए महिला महाविद्यालय की स्थापना कर समाज में नई दिशा दी। उनके संस्कार और विचार आज भी लोगों को प्रेरित कर रहे हैं।

मां होती है पहली गुरु – पूर्व एमएलसी बृजेश सिंह ने दिया संदेश

पूर्व एमएलसी बृजेश सिंह ने कहा कि मां ही जीवन की पहली गुरु होती है, जिससे हमें जीवन के मूल संस्कार प्राप्त होते हैं। उन्होंने “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि आज बेटियां देश-विदेश में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं, जो ऐसे ही महान विचारों का परिणाम है।

गरीब बेटियों की शिक्षा के लिए समर्पित रही भगवंती देवी – आकाश सिंह सन्नी

वहीं आकाश सिंह सन्नी ने कहा कि स्व. भगवंती देवी ने गरीब कन्याओं की शिक्षा के लिए फीस माफी जैसी सोच रखकर समाज में एक मिसाल कायम की। उनका यह योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

शिक्षा के संकल्प को आगे बढ़ा रहा संस्थान – डॉ. राजेन्द्र प्रताप सिंह

इस अवसर पर महाविद्यालय के संस्थापक प्रबंधक डॉ. राजेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि स्व. भगवंती देवी का पूरा जीवन समाज सेवा और शिक्षा के प्रसार को समर्पित रहा। उन्होंने जिस संकल्प के साथ इस महाविद्यालय की नींव रखी, उसी मार्ग पर चलते हुए संस्थान बेटियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उनका सपना था कि क्षेत्र की कोई भी बेटी शिक्षा से वंचित न रहे, और उसी संकल्प को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

“सिर्फ नाम नहीं, एक विचारधारा हैं भगवंती देवी” – डॉ. आशुतोष सिंह ‘कैलाशी’

प्रबंध निदेशक डॉ. आशुतोष सिंह “कैलाशी” ने कहा कि स्व. भगवंती देवी केवल एक नाम नहीं, बल्कि एक विचारधारा हैं, जिन्होंने समाज में शिक्षा और संस्कार का दीप प्रज्वलित किया। उनके दिखाए रास्ते पर चलते हुए महाविद्यालय न सिर्फ शिक्षा बल्कि बेटियों के आत्मनिर्भर और सशक्त बनने की दिशा में भी कार्य कर रहा है। आने वाले समय में संस्थान को और ऊंचाइयों तक ले जाना ही उनका लक्ष्य है।

ये रहे मौजूद

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष काशी नाथ सिंह, विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव, पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू, प्रमुख अजय सिंह, पूर्व प्रमुख संजीव सिंह, शक्ति सिंह, देवेंद्र सिंह मुन्ना, धनंजय सिंह, उदय प्रताप सिंह, प्रभु नारायण सिंह, अम्बरीष सिंह भोला, दीपक सिंह गुड्डू, लल्लन सिंह, डॉ. अखिलेश अग्रहरी, प्रधान आशुतोष सिंह, नागेश्वर सिंह, मनोज सिंह, राजेन्द्र पाण्डेय, डॉ. अजय सिंह, सुजीत सिंह, आदित्य रघुवंशी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अवधेश मिश्रा ने किया।