पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय में धूमधाम से मना वार्षिकोत्सव, बच्चों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन
चंदौली : चहनियां क्षेत्र के पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय प्रभुपर में सोमवार को वार्षिकोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया और पूरे विद्यालय परिसर में उत्सव का माहौल बना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डायट प्राचार्य विकायल भारती द्वारा मां सरस्वती के तैल चित्र पर दीप प्रज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में खंड शिक्षा अधिकारी सुरेन्द्र प्रताप सहाय तथा राष्ट्रीय शैक्षिक संघ के जिलाध्यक्ष अजय सिंह मौजूद रहे।
बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने बांधा समां
विद्यालय की इंचार्ज प्रधानाध्यापिका मीरा सिंह एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का बैज लगाकर और माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों का दौर शुरू हुआ, जिसमें बच्चों ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत और मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का दिल जीत लिया।
वार्षिकोत्सव से बच्चों में बढ़ता है आत्मविश्वास : विकायल भारती
मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि वार्षिकोत्सव जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है और उनकी प्रतिभा को मंच मिलता है। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
गुरु बच्चों के सपनों को आकार देने वाला मार्गदर्शक : अजय सिंह
राष्ट्रीय शैक्षिक संघ के जिलाध्यक्ष अजय सिंह ने अपने ओजस्वी और प्रेरणादायक संबोधन में कहा कि शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि यह जीवन को दिशा देने वाली शक्ति है। उन्होंने कहा कि आज के बच्चे ही देश का भविष्य हैं और विद्यालय ही उनके व्यक्तित्व निर्माण की आधारशिला है। ऐसे आयोजनों से बच्चों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और सामाजिक समझ विकसित होती है।

उन्होंने शिक्षकों की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि गुरु केवल ज्ञान देने वाला नहीं, बल्कि बच्चों के सपनों को आकार देने वाला मार्गदर्शक होता है। यदि शिक्षक समर्पण और निष्ठा से कार्य करें तो कोई भी छात्र पीछे नहीं रह सकता। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे बच्चों की शिक्षा में सक्रिय भागीदारी निभाएं और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें।
ग्रामीण विद्यालयों में ऐसे आयोजन सराहनीय : सुरेन्द्र प्रताप सहाय
वहीं विशिष्ट अतिथि सुरेन्द्र प्रताप सहाय ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों में इस प्रकार के आयोजन सराहनीय हैं। इससे बच्चों को अपनी छिपी प्रतिभा को प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है और शिक्षा के प्रति रुचि भी बढ़ती है। उन्होंने विद्यालय परिवार के प्रयासों की सराहना की।

ये रहे मौजूद
कार्यक्रम के दौरान सुरेंद्र त्रिपाठी, अजयश्याम त्रिपाठी, ग्राम प्रधान जयराम शास्त्री, रजनीकांत सिंह, सुदर्शन सिंह, राजेश सिंह, विनय सिंह, मनोज गुप्ता, राकेश पाण्डेय, अवधेश मौर्या, काशी नाथ यादव, सीमा दुबे, बंशलाल, श्यामसुंदर यादव, रमाशंकर मौर्य, विनय मिश्रा, कैलाश सिंह, निवेदिता सिंह, ऋचा त्रिपाठी, पूनम, शबाना बेगम, श्रद्धा जेशल सहित अनेक गणमान्य लोग और शिक्षक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता चिंतामणि मौर्य ने की, जबकि संचालन आत्मप्रकाश पाण्डेय ने प्रभावी ढंग से किया। अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।


















