मुगलसराय में जुए के अड्डे पर पुलिस का छापा, 14 गिरफ्तार, लाखों की बरामदगी

33

मुगलसराय में जुए के अड्डे पर पुलिस का छापा, 14 गिरफ्तार, लाखों की बरामदगी

चंदौली : जनपद के थाना मुगलसराय क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जुआ खेल रहे 14 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान मौके से नगदी, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, ताश के पत्ते और कारतूस समेत भारी मात्रा में सामान बरामद किया गया है। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चन्द्रशेखर एवं क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह तथा स्वाट/सर्विलांस टीम प्रभारी रामजनम यादव के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने छापेमारी की।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई

सोमवार को पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम सेमरा के सिवान में मग्गू पटेल के घर के पास बगीचे एवं मकान के अंदर बड़े पैमाने पर जुआ खेला जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी और जुआ खेल रहे 14 लोगों को रंगे हाथ पकड़ लिया।

भारी मात्रा में बरामदगी

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से कुल 1,05,580 रुपये फड़ से बरामद किए, जबकि गिरफ्तार अभियुक्तों की तलाशी में 11,640 रुपये अतिरिक्त मिले। इस प्रकार कुल 1,17,220 रुपये बरामद हुए। इसके अलावा 12 स्मार्टफोन, 208 ताश के पत्ते, 52 मोटरसाइकिल तथा एक बैग से 4 खोखा कारतूस और 1 जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया।

लगातार बदलते थे ठिकाना

पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि वे पुलिस से बचने के लिए हर 10-15 दिन में जुआ खेलने का स्थान बदल देते थे। पहले गंगा किनारे जुआ खेला जाता था, लेकिन विवाद के बाद स्थान बदलकर मग्गू पटेल के मकान में जुआ संचालित किया जा रहा था।

उन्होंने यह भी बताया कि जुआ खेलने के दौरान सभी लोग अपने मोबाइल फोन फड़ पर ही रखते थे, ताकि बाहरी लोगों से पुलिस की सूचना मिल सके और समय रहते भागने का मौका मिल जाए।

मुकदमा दर्ज, आगे की कार्रवाई जारी

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मु०अ०स)-135/2026 धारा 3/4 सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में विधिक कार्रवाई जारी है।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस सफल कार्रवाई में थाना मुगलसराय पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम की अहम भूमिका रही, जिसकी स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है।