गर्मी से पहले राहत की तैयारी, चहनियां-खण्डवारी में जलनिगम सप्लाई सुधारने की कवायद तेज

24

गर्मी से पहले राहत की तैयारी, चहनियां-खण्डवारी में जलनिगम सप्लाई सुधारने की कवायद तेज

चंदौली : जनपद के चहनियां कस्बा और खण्डवारी क्षेत्र में हर वर्ष गर्मी के मौसम में उत्पन्न होने वाली पेयजल समस्या को दूर करने के लिए जलनिगम और जल जीवन मिशन ने अब ठोस पहल शुरू कर दी है। इसके तहत नए ट्यूबवेल को पुराने ट्यूबवेल और पानी की टंकी से जोड़कर जलापूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा, जिससे क्षेत्रवासियों को राहत मिलने की उम्मीद है।

गुरुवार की शाम जलनिगम और जल जीवन मिशन के अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र का निरीक्षण कर विस्तृत सर्वे किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

बताया जाता है कि चहनियां कस्बे में हर साल गर्मी के दिनों में जल संकट गहरा जाता है। महीने में दो से तीन बार मोटर खराब होने या अन्य तकनीकी दिक्कतों के चलते पानी की सप्लाई बाधित हो जाती है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए खण्डवारी-बन्धवापर मार्ग पर नया बोरिंग कराया गया है।

अब इस नए बोरिंग को पुराने ट्यूबवेल और टंकी से जोड़ने की योजना पर तेजी से काम किया जा रहा है। जल जीवन मिशन के डीजीएम देवब्रत चक्रवर्ती और प्रोजेक्ट मैनेजर दास बहेरा ने निर्माणाधीन बोरिंग भवन का निरीक्षण करते हुए कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि मोटी पाइपलाइन बिछाने के लिए तत्काल सर्वे कर कार्य शुरू किया जाए, ताकि गर्मी के चरम समय में लोगों को किसी प्रकार की जल समस्या का सामना न करना पड़े।

अधिकारियों ने स्पष्ट रूप से कहा कि इस परियोजना के पूरा होने के बाद जलापूर्ति व्यवस्था पहले से अधिक सुचारु और स्थायी होगी, जिससे चहनियां और खण्डवारी क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

इस दौरान साइड इंजीनियर सूरज सिंह, ठेकेदार ओमप्रकाश सिंह, अविनाश कुमार सहित अन्य संबंधित कर्मी भी मौके पर मौजूद रहे।