चैत्र नवरात्र के प्रथम दिन गंगा घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब, श्रद्धालुओं ने लगाई पुण्य की डुबकी

21

चैत्र नवरात्र के प्रथम दिन गंगा घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब, श्रद्धालुओं ने लगाई पुण्य की डुबकी

चंदौली : चैत्र नवरात्र के प्रथम दिन गुरुवार को जिले में आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। भोर की पहली किरण के साथ ही सैकड़ों श्रद्धालु गंगा घाटों पर पहुंच गए और पुण्य की डुबकी लगाकर मां गंगा का आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने विभिन्न मंदिरों और देवालयों में पहुंचकर देवी-देवताओं का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया।

बलुआ स्थित पश्चिम वाहिनी मां गंगा के पावन तट पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। महिलाएं, पुरुष, बुजुर्ग और युवा सभी गंगा स्नान कर नवरात्र का शुभारंभ करते नजर आए। स्नान के उपरांत श्रद्धालुओं ने नजदीकी मंदिरों में जाकर मां दुर्गा सहित विभिन्न देवी स्वरूपों का दर्शन-पूजन किया।

इसी क्रम में महड़ौरी क्षेत्र में गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने मां लक्ष्मी महड़ौरी देवी का दर्शन किया। वहीं टांडा घाट स्थित मां खटवारी देवी, चकिया के बिहारी मिश्र गांव में मां बंगला भगवती देवी, मटियरा में मां खखरा देवी, मथेला में मां काली देवी, रामपुर गांव स्थित मां राजराजेश्वरी देवी, खंडवारी में मां खंडवारी देवी, चहनिया गांव में मां चाहन देवी और चहनियां कस्बा स्थित मां दुर्गा मंदिर में भी भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। हर ओर “जय माता दी” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।

नवरात्र के पहले दिन बाजारों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। पूजा सामग्री, फल-फूल और सजावटी वस्तुओं की दुकानों पर लोगों की भीड़ उमड़ी रही, जिससे बाजारों में रौनक बनी रही। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पश्चिम वाहिनी घाट पर बलुआ थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह भारी पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे और लगातार निगरानी करते रहे।

इसके अलावा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए गंगा सेवा समिति के अध्यक्ष दीपक जायसवाल अपने साथियों के साथ सक्रिय रहे। गंगा में किसी भी अनहोनी से बचाव के लिए गोताखोर मार्कण्डेय माझी, मक्खन माझी, आशीष, विजय और रवि निषाद नाव के माध्यम से लगातार निगरानी करते रहे।

कुल मिलाकर चैत्र नवरात्र के पहले दिन चंदौली में आस्था, भक्ति और उत्साह का अद्भुत दृश्य देखने को मिला, जहां श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धा भाव के साथ मां दुर्गा की उपासना कर सुख-समृद्धि की कामना की।