चहनियां ब्लॉक की क्षेत्र पंचायत बैठक संपन्न, 10 करोड़ की विकास योजनाओं को मिली मंजूरी

81

चहनियां ब्लॉक की क्षेत्र पंचायत बैठक संपन्न, 10 करोड़ की विकास योजनाओं को मिली मंजूरी

चंदौली : विकास खंड चहनियां में बुधवार को क्षेत्र पंचायत की महत्वपूर्ण बैठक ब्लॉक कार्यालय स्थित क्षेत्र पंचायत सभागार में ब्लॉक प्रमुख अरुण कुमार जायसवाल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026–27 की प्रस्तावित विकास योजनाओं पर विस्तृत चर्चा के बाद उनका अनुमोदन किया गया। बैठक के दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्यों और ग्राम प्रधानों ने अपने-अपने क्षेत्रों के विकास से जुड़े कई प्रस्ताव प्रस्तुत किए। अधिकारियों ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों को विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए क्षेत्र पंचायत के माध्यम से होने वाले विकास कार्यों से अवगत कराया।

ब्लॉक प्रमुख अरुण कुमार जायसवाल ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी वित्तीय वर्ष 2026–27 में राज्य वित्त, केंद्र वित्त और मनरेगा के माध्यम से लगभग 10 करोड़ रुपये की राशि गांवों के विकास के लिए निर्धारित की जाएगी। इस धनराशि से ग्राम पंचायतों में स्वास्थ्य, शिक्षा, सीसी रोड निर्माण, खड़ंजा, नाली निर्माण, स्वच्छता अभियान, पेयजल व्यवस्था तथा गांवों में प्रकाश व्यवस्था के लिए सोलर लाइट लगाए जाने जैसे कार्य कराए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि क्षेत्र पंचायत और मनरेगा के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा। साथ ही बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित अन्य सरकारी योजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा की गई।

ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि क्षेत्र का विकास बिना किसी भेदभाव के करना प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की प्राथमिकता है। विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा या लापरवाही को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी बीडीसी सदस्यों और ग्राम प्रधानों से अपने-अपने क्षेत्रों में नई योजनाएं बनाकर विकास कार्यों को गति देने का आह्वान किया।

बैठक में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया गया कि छोटे गांवों में दो सफाई कर्मचारी और बड़े गांवों में तीन सफाई कर्मचारी नियमित रूप से तैनात रहकर साफ-सफाई सुनिश्चित करें। इसके साथ ही ग्राम पंचायत सचिवालय में ग्राम पंचायत अधिकारी की उपस्थिति भी अनिवार्य करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने ग्राम पंचायत अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि ग्रामीणों को जन्म प्रमाणपत्र, मृत्यु प्रमाणपत्र और परिवार रजिस्टर की नकल के लिए अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े। इन सभी कार्यों को ग्राम सचिवालय में ही समय पर पूरा किया जाए। यदि किसी ग्रामीण की शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

इस दौरान खंड विकास अधिकारी राजेश नायक, ज्वाइंट बीडीओ ओमप्रकाश, एकाउंटेंट सियालाल यादव, एडीओ आईएसबी नित्यानंद सिंह, क्षेत्र पंचायत सदस्य रविकांत चौहान, आनंद सिंह, अक्षय यादव, मुकेश निषाद तथा ग्राम प्रधान जयराम शास्त्री, सतीश गुप्ता, धर्मेंद्र यादव, लालता यादव समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।