चन्दौली में देह व्यापार का भंडाफोड़, महिला सहित दो गिरफ्तार, मकान से 1680 कंडोम पैकेट, शक्ति वर्धक दवा और शराब बरामद
चन्दौली : कोतवाली चन्दौली पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला और एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से भारी मात्रा में कंडोम, शक्ति वर्धक दवा और अंग्रेजी शराब बरामद की है। मामले में पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनंत चन्द्रशेखर के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी सदर देवेन्द्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम रविवार को क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मझवार स्टेशन से आगे बिहार जाने वाली सर्विस रोड पर एक अस्पताल के पास स्थित एक मकान में अनैतिक देह व्यापार का धंधा चल रहा है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने महिला पुलिस बल को बुलाकर संयुक्त टीम गठित की और बताए गए स्थान पर पहुंचकर मकान की घेराबंदी कर तलाशी ली। तलाशी के दौरान एक कमरे में एक महिला और एक पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में मिले। पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया।
पकड़ी गई महिला की पहचान अमरावती (33) पत्नी स्वर्गीय अनिल कुमार निवासी प्रतापपुर थाना चन्दौली तथा युवक की पहचान रजत जायसवाल उर्फ मोनू (32) पुत्र बन्धूराम जायसवाल निवासी वार्ड नंबर 8 किदवई नगर थाना व जनपद चन्दौली के रूप में हुई।
पुलिस ने मौके से 1680 पैकेट कंडोम, विगोरे 100 एमजी शक्ति वर्धक दवा की दो डिब्बियां तथा 180 एमएल अंग्रेजी शराब की बोतल बरामद की। पूछताछ में महिला ने बताया कि वह अपने घर पर बाहरी महिलाओं को बुलाकर ग्राहकों से पैसे लेकर देह व्यापार कराती थी।
इस मामले में कोतवाली चन्दौली में मु0अ0सं0 93/2026 के तहत धारा 3/4/5/7 अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटा रही है।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
क्षेत्राधिकारी सदर देवेन्द्र कुमार, प्रभारी निरीक्षक विजय बहादुर सिंह, चौकी प्रभारी कस्बा उपनिरीक्षक वीरेन्द्र कुमार, चौकी प्रभारी मंडी उपनिरीक्षक रावेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल धीरेन्द्र कुमार यादव, हेड कांस्टेबल कौशल यादव, कांस्टेबल उमंग राय, महिला आरक्षी विनीता सिंह और कांस्टेबल प्रियेश यादव शामिल रहे।


















