सैयदराजा पुलिस व स्वाट-सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई, ट्रक से 849 पेटी अवैध शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
चंदौली : जनपद में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सैयदराजा पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने एक ट्रक से 849 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की कुल मात्रा 7473.36 लीटर बताई जा रही है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.40 करोड़ रुपये है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में की गई। अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनंत चंद्रशेखर और क्षेत्राधिकारी सदर देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में थाना सैयदराजा पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस टीम ने सोमवार देर रात एनएच-19 पर चेकिंग अभियान चलाया।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक ट्रक में भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब छिपाकर बिहार ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एनएच-19 पर ग्राम जेठमलपुर स्थित काले पीर बाबा मजार के पास घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी। करीब आधे घंटे बाद चंदौली की ओर से आ रहे ट्रक संख्या RJ14JQ3205 को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान ट्रक के आगे के हिस्से में कागज की बनी गुल्ली (जिसमें धागा लपेटा जाता है) लदी हुई थी। पुलिस ने जब उसे हटाकर अंदर जांच की तो उसके नीचे छिपाकर रखी गई अवैध अंग्रेजी शराब की 849 पेटियां बरामद हुईं। शराब की बोतलों पर “For Sale in Punjab Only” अंकित था, जिससे साफ है कि इसे अवैध तरीके से दूसरे राज्यों में खपाने की तैयारी थी।
पुलिस ने मौके से ट्रक चालक हरिश्चन्द्र (28) पुत्र ओमप्रकाश निवासी नगला इतवारी थाना भोगांव जनपद मैनपुरी तथा परिचालक अंकित पुत्र सुरेश चंद्र निवासी मिसौरा थाना भोगांव जनपद मैनपुरी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि शराब दादरी (नोएडा) से बिहार ले जाई जा रही थी।
बरामदगी में रॉयल स्टेज, इम्पीरियल ब्लू और ब्लू स्टार ब्रांड की कुल 849 पेटी शराब शामिल है। इसके अलावा पुलिस ने दो मोबाइल फोन और ट्रक को भी कब्जे में ले लिया है। ट्रक को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया है।
इस मामले में थाना सैयदराजा में मुकदमा संख्या 77/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं गिरफ्तार अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।


















