मनरेगा बचाओ पदयात्रा के जरिए कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, सरकार की नीतियों पर बोला हमला

20

मनरेगा बचाओ पदयात्रा के जरिए कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, सरकार की नीतियों पर बोला हमला

चंदौली : जिला कांग्रेस कमेटी चंदौली और शहर कांग्रेस कमेटी मुगलसराय के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को ‘मनरेगा बचाओ पदयात्रा’ निकालकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र व प्रदेश सरकार की नीतियों के खिलाफ जोरदार आवाज उठाई। जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी के नेतृत्व में पंडित कमलापति त्रिपाठी पार्क से प्रारंभ हुई यह पदयात्रा नवहीं तक गई, जहां पहुंचकर यह जनचौपाल में तब्दील हो गई। पूरे मार्ग में जगह-जगह स्थानीय नागरिकों ने पदयात्रियों का स्वागत किया और समर्थन व्यक्त किया।

मजदूरों और किसानों के मुद्दे पर उठाई आवाज

पदयात्रा के दौरान कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां और बैनर लिए मनरेगा को मजबूत करने तथा मजदूरों के अधिकारों की रक्षा की मांग करते नजर आए। नवहीं में आयोजित जनचौपाल को संबोधित करते हुए कार्यक्रम के पर्यवेक्षक व पूर्व विधायक अमिताभ अनिल दुबे ने कहा कि देश और प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद से मजदूरों, किसानों और नौजवानों की समस्याएं बढ़ी हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियां आमजन के बजाय कुछ चुनिंदा उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने वाली हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार द्वारा शुरू की गई मनरेगा जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं को या तो कमजोर किया जा रहा है या उनके बजट में कटौती की जा रही है।

भाजपा सरकार की नीतियों पर तीखा प्रहार

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह मुन्ना ने अपने संबोधन में केंद्र सरकार की आर्थिक व विदेश नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उठ रहे विभिन्न मामलों और बड़े उद्योगपतियों से जुड़े विवादों का असर देश की साख पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में लिए गए निर्णयों का बोझ अंततः आम जनता को ही उठाना पड़ता है।

मनरेगा को बताया ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़

जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने कहा कि भाजपा सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण किसान, मजदूर और मध्यम वर्ग आर्थिक तंगी से जूझ रहा है। उन्होंने मनरेगा को ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए कहा कि यह योजना सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार का सबसे सशक्त माध्यम रही है। यदि इसे कमजोर किया गया तो ग्रामीण क्षेत्रों में बेरोजगारी और असंतोष बढ़ सकता है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सभी जाति, धर्म और वर्ग के लोगों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और जनहित के मुद्दों पर सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।

कार्यक्रम के दौरान ये रहे मौजूद

कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की उपस्थिति रही। मधु राय, विजय त्रिपाठी, डॉ. राम आधार जोसेफ, तौफिक खान, गंगा प्रसाद, रामानंद यादव, रजनीकांत पांडेय, सतीश बिंद, तरुण पांडेय, दया राम पटेल, डॉ. मनसा, शशिनाथ उपाध्याय, भवानी शरण सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने की, जबकि संचालन शिवेंद्र मिश्रा ने किया। कांग्रेस नेताओं ने अंत में मनरेगा को मजबूत करने और जनहित की योजनाओं की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।