चंदौली सिविल बार एसोसिएशन चुनाव: डॉ. वीरेंद्र प्रताप सिंह अध्यक्ष, आशुतोष मिश्रा महामंत्री निर्वाचित

121

चंदौली सिविल बार एसोसिएशन चुनाव: डॉ. वीरेंद्र प्रताप सिंह अध्यक्ष, आशुतोष मिश्रा महामंत्री निर्वाचित

चंदौली : सिविल बार एसोसिएशन चंदौली का वार्षिक चुनाव शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। देर रात मतगणना पूरी होने के बाद घोषित परिणामों में अध्यक्ष पद पर डॉ. वीरेंद्र प्रताप सिंह और महामंत्री पद पर आशुतोष कुमार मिश्रा ने शानदार जीत दर्ज की। परिणाम घोषित होते ही सदर तहसील परिसर में समर्थकों के बीच उत्साह और जश्न का माहौल देखने को मिला।

अध्यक्ष पद के लिए हुए मुकाबले में डॉ. वीरेंद्र प्रताप सिंह ने प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए कुल 1141 मत प्राप्त किए। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी मनोज कुमार सिंह को 729 मत मिले, जबकि सुरेंद्र प्रताप सिंह को 90 मतों से संतोष करना पड़ा। इस प्रकार डॉ. सिंह ने 412 मतों के बड़े अंतर से जीत हासिल कर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया।

महामंत्री पद के चुनाव में भी कांटे की टक्कर देखने को मिली। आशुतोष कुमार मिश्रा ने 742 मत प्राप्त कर विजय हासिल की। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी सत्य प्रकाश को 449 मत मिले। वहीं अरुण मिश्रा को 418 और संदीप यादव को 368 मत प्राप्त हुए। आशुतोष मिश्रा की जीत के बाद उनके समर्थकों में खासा उत्साह देखा गया।

कनिष्ठ उपाध्यक्ष के दो पदों के लिए हुए चुनाव में कांति भूषण सिंह और अनिल मौर्य निर्वाचित घोषित किए गए। कांति भूषण सिंह को 999 मत मिले, जबकि अनिल मौर्य ने 839 मत हासिल कर जीत दर्ज की। वहीं अनिल कुमार को 818 मत मिले, जिससे यह मुकाबला बेहद रोचक और कड़ा साबित हुआ। मामूली अंतर ने चुनावी प्रतिस्पर्धा को और भी दिलचस्प बना दिया।

चुनाव प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। सीओ सदर देवेंद्र कुमार और प्रभारी निरीक्षक विजय बहादुर सिंह पुलिस बल के साथ पूरे समय मौके पर डटे रहे। मतगणना के दौरान भी सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही, जिससे चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सका।

परिणाम घोषित होते ही विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों ने माला पहनाकर और जोरदार नारेबाजी कर खुशी का इजहार किया। सदर तहसील परिसर में देर रात तक मिठाइयां बांटने और बधाइयों का सिलसिला चलता रहा।

नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने अधिवक्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बार एसोसिएशन की गरिमा और अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि सभी को साथ लेकर संगठन को मजबूत बनाया जाएगा और अधिवक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जाएगा।