तेज रफ्तार का कहर, अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम
चंदौली : शहाबगंज थाना क्षेत्र में शनिवार को एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना में 32 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। चकिया-चंदौली मार्ग पर ठेकहां केराडीह गांव के पास सड़क पार कर रहे युवक को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन युवक के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसका शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान रमेश कुमार (32) निवासी बड़गांवा, थाना शहाबगंज के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रमेश किसी आवश्यक कार्य से ठेकहां गांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान अचानक तेज गति से आए वाहन ने उसे चपेट में ले लिया। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। जैसे ही परिजनों को हादसे की खबर मिली, घर में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो मासूम पुत्रियों को छोड़ गया है।
इस बाबत थाना प्रभारी अशोक कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि फरार वाहन और चालक की पहचान कर जल्द से जल्द कार्रवाई की जा सके।


















