डकैती में संलिप्त कुख्यात गैंगेस्टर मजारिया गिरफ्तार, रिवाल्वर व कारतूस बरामद
चंदौली : अपराध व अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बलुआ थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने डकैती में संलिप्त कुख्यात गैंगेस्टर और हिस्ट्रीशीटर अभय उर्फ मजारिया को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक नाजायज रिवाल्वर 38 बोर, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा एक आईफोन बरामद किया है।
एसपी आदित्य लांग्हे के निर्देशन, एएसपी अनन्त चन्द्रशेखर और क्षेत्राधिकारी सकलडीहा स्नेहा तिवारी के पर्यवेक्षण में चल रहे इस अभियान के दौरान थानाध्यक्ष अतुल कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
रविवार की शाम लगभग 04:15 बजे पुलिस टीम ने लक्ष्मणगढ़ पुलिया (थाना बलुआ क्षेत्र) के पास से अभियुक्त को दबोच लिया। पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त अभय पुत्र रमेश निवासी ग्राम फुलवरिया कैथा थाना बलुआ ने बताया कि वह एक संगठित गिरोह का सक्रिय सदस्य है और उसके विरुद्ध कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसने स्वीकार किया कि वह थाना बलुआ का हिस्ट्रीशीटर मजारिया नंबर 67A है और लूटपाट, डक़ैती और लोगो को धमकाने के लिए अवैध रिवाल्वर रखता है।
पुलिस ने बरामद रिवाल्वर और कारतूस के आधार पर अभियुक्त के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अतुल कुमार, उप निरीक्षक सतीश चन्द्र सिंह, विनोद कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल जलभरत यादव, दीपचन्द्र गिरी, कांस्टेबल रोहित यादव व अनुज कुमार वर्मा शामिल रहे।
एसपी आदित्य लांग्हे ने थाना बलुआ टीम के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि “कानून से कोई भी अपराधी कितना भी शातिर क्यों न हो, बच नहीं सकता।”


















