चंदौली में आकाशीय बिजली का कहर, युवक की मौत, आधा दर्जन बकरियां झुलसीं
चंदौली : सदर कोतवाली क्षेत्र के राउतपुर गांव में रविवार की शाम उस समय कोहराम मच गया, जब आसमान से गिरी बिजली ने एक युवक की जिंदगी छीन ली। घटना में न सिर्फ 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई, बल्कि उसके साथ मौजूद करीब आधा दर्जन बकरियां भी मौके पर ही तड़पकर मर गईं। अचानक हुए इस हादसे से पूरे गांव में मातम पसर गया और मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बारिश से बचने खोला छाता, बनी मौत की वजह
जानकारी के मुताबिक, राउतपुर निवासी पवन यादव (25) रोज की तरह अपनी बकरियों को लेकर सिवान की ओर गया था। देर शाम मौसम अचानक बदलने लगा। काले बादलों के बीच तेज गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। भीगने से बचने के लिए पवन ने अपना छाता खोल लिया और पास में खड़ी बकरियां भी उसके नीचे आ गईं। लेकिन किसे पता था कि यही छाता उसकी जिंदगी पर भारी पड़ जाएगा।
अचानक जोरदार धमाके के साथ आकाशीय बिजली गिरी और उसकी सीधी चपेट में पवन व उसकी बकरियां आ गए। तेज झटके से पवन मौके पर ही गंभीर रूप से झुलसकर जमीन पर गिर पड़ा।
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
ग्रामीणों ने आनन-फानन में घायल पवन को जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां-बाप और भाई-बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने इस हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतक परिवार को मुआवजे की मांग की है।
उधर, पवन के साथ खड़ी करीब आधा दर्जन बकरियां भी मौके पर ही झुलसकर मर गईं। यह घटना न केवल एक परिवार बल्कि पूरे गांव के लिए गहरा सदमा बनकर आई है।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना पर सदर कोतवाल संजय कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।


















