घर में अकेली रह रही वृद्धा की बेरहमी से हत्या, सिर पर ईंट-पत्थर से वार की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
चंदौली : मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत दुलहीपुर गांव सोमवार को उस समय सनसनीखेज वारदात का गवाह बना जब 60 वर्षीय वृद्ध महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। सुबह-सुबह महिला का खून से लथपथ शव घर के भीतर मिला तो पूरे गांव में हड़कंप मच गया। घटना की खबर फैलते ही आसपास का इलाका दहशत और सन्नाटे में डूब गया।
बच्ची ने देखा खौफनाक मंजर
जानकारी के अनुसार मृतका चमेली देवी पत्नी स्वर्गीय विजय सिंह अपने घर पर अकेली रहती थीं। रोजाना की तरह सोमवार सुबह एक बच्ची दूध देने उनके घर पहुंची। जैसे ही उसने दरवाजा खोला तो भीतर का मंजर देख सन्न रह गई। चमेली देवी का शव खून से लथपथ पड़ा था और सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। बच्ची ने शोर मचाया तो आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और मामले की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
पुलिस और आलाधिकारी मौके पर
सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी, इंस्पेक्टर गगन राज सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। थोड़ी ही देर में पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे और एडिशनल एसपी अनंत चंद्रशेखर भी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बारीकी से घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने शव के पास से ईंट और पत्थर बरामद किए हैं, जिनसे सिर कूंचकर हत्या की आशंका जताई जा रही है।
जमीन विवाद से जुड़ा हो सकता है मामला
एसपी आदित्य लांग्हे ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में यह बात सामने आई है कि मृतका हाल ही में अपनी जमीन बेचने की बात कर रही थीं और इसकी जानकारी कुछ लोगों को थी। आशंका है कि इसी विवाद में उनकी हत्या की गई हो। महिला के सिर पर चोट के गहरे निशान पाए गए हैं और पास से बरामद ईंट को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
पोस्टमार्टम और मुकदमा दर्ज
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसपी ने स्पष्ट किया कि मृतका के परिजनों से तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज किया जाएगा और जल्द ही घटना का खुलासा कर अपराधियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
गांव में मातम और दहशत
वारदात के बाद पूरे दुलहीपुर गांव में दहशत और मातम का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि चमेली देवी का पति और पुत्र पहले ही गुजर चुके थे और वह अकेली ही रहती थीं। उनकी दर्दनाक मौत ने गांव को झकझोर दिया है।


















