चार निरीक्षकों को पुलिस उपाधीक्षक पद पर पदोन्नति, पुलिस अधीक्षक ने रैंक प्रतीक लगाकर दी शुभकामनाएं
चन्दौली : जनपद चन्दौली पुलिस परिवार के लिए आज का दिन गौरवशाली रहा। पुलिस कार्यालय चन्दौली में एक औपचारिक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने चार निरीक्षकों को उनके उत्कृष्ट सेवाभाव और कर्तव्यनिष्ठा के चलते पुलिस उपाधीक्षक (DySP) पद पर पदोन्नति मिलने के उपरांत उनके कंधों पर रैंक प्रतीक (स्टार) लगाकर उन्हें नई जिम्मेदारी का आशीर्वाद और शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर अनन्त चन्द्रशेखर (IPS), अपर पुलिस अधीक्षक सदर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
पदोन्नत अधिकारियों में शेषधर पाण्डेय, रमेश यादव, वेदव्यास मिश्रा, संतोष कुमार सिंह को पदोन्नति के पश्चात रैंक प्रतीक लगने पर पूरा माहौल उल्लास और गर्व से भर गया। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने पदोन्नत अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि “नई जिम्मेदारी केवल पद में वृद्धि नहीं, बल्कि कर्तव्य और जनता के प्रति जवाबदेही को और अधिक गंभीरता से निभाने का अवसर है। उम्मीद है कि आप सभी अपने अनुभव और निष्ठा से पुलिसिंग के नए मानक स्थापित करेंगे और चन्दौली पुलिस का गौरव बढ़ाएंगे।”
उन्होंने आगे कहा कि पदोन्नति एक ओर जहां अधिकारियों के कठिन परिश्रम का परिणाम है, वहीं दूसरी ओर यह आने वाले समय में और अधिक दायित्वों को निभाने की प्रेरणा भी है। इस अवसर पर पदोन्नत अधिकारियों ने भी अपने वरिष्ठ अधिकारियों का आभार जताया और विश्वास दिलाया कि वे नई भूमिका में और अधिक समर्पण के साथ कार्य करेंगे। कार्यक्रम में पुलिस कार्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारियों ने भी उपस्थित होकर पदोन्नत अधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।


















