मामूली कहासुनी बनी बवाल, लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से गूंजा इलाका, वीडियो वायरल

341

मामूली कहासुनी बनी बवाल, लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से गूंजा इलाका, वीडियो वायरल

चंदौली : सैयदराजा थाना क्षेत्र के भतीजा मोड़ के पास रविवार दोपहर एक मामूली कहासुनी ने ऐसा तूल पकड़ा कि पूरा इलाका रणभूमि में तब्दील हो गया। जानकारी के अनुसार, किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि देखते ही देखते लाठी-डंडे, ईंट-पत्थर चलने लगे। इस अचानक भड़की हिंसक झड़प से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले दोनों पक्षों के बीच बहस हुई, लेकिन कुछ ही मिनटों में माहौल इतना गरमा गया कि लोग खुलेआम सड़क पर एक-दूसरे पर हमला करने लगे। कई लोग हाथों में लाठी-डंडे लेकर दौड़ रहे थे, वहीं कुछ ने ईंट-पत्थरों से हमला बोल दिया। बताया जा रहा है कि इस झड़प में कई लोगों को चोटें भी आईं, हालांकि अभी तक किसी के गंभीर रूप से घायल होने की पुष्टि नहीं हो पाई है।

इस दौरान मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया। वीडियो में साफ दिख रहा है कि सड़क पर भगदड़ का माहौल है, लोग एक-दूसरे पर पथराव कर रहे हैं और राहगीर जान बचाने के लिए दौड़ लगा रहे हैं। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिस पर लोग लगातार अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। सैयदराजा थाना प्रभारी बिंदेश्वरी प्रसाद पाण्डेय ने बताया कि फिलहाल थाने में किसी भी पक्ष की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। उन्होंने कहा, “मामले की जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”