चंदौली में शराब तस्करी पर पुलिस का बड़ा प्रहार, ट्रेन से 121 पेटी अवैध शराब बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार

33

चंदौली में शराब तस्करी पर पुलिस का बड़ा प्रहार, ट्रेन से 121 पेटी अवैध शराब बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार

चंदौली : सैयदराजा थाना क्षेत्र में पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। आचार संहिता लागू होने के बाद से अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत, पुलिस ने ट्रेन से गैर-प्रांत ले जाई जा रही 121 पेटी अवैध शराब की खेप बरामद करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया। जब्त की गई शराब की अनुमानित बाजार कीमत करीब आठ लाख रुपये आंकी गई है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रंजीत कुमार यादव (पुत्र बृहस्पति यादव), निवासी ग्राम जवड़ा महसू, थाना अम्बा, जिला औरंगाबाद, बिहार के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ सैयदराजा थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, वहीं आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

अभियान के तहत की गई बड़ी कार्रवाई

आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक (एसपी) आदित्य लांग्हे के निर्देश पर पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (सदर) अनंत चन्द्रशेखर और क्षेत्राधिकारी (सदर) देवेंद्र कुमार के पर्यवेक्षण में, प्रभारी निरीक्षक सैयदराजा विन्देश्वर प्रसाद पाण्डेय के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

शनिवार तड़के सुबह लगभग 4:15 बजे, सटीक सूचना के आधार पर पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान नौबतपुर पुलिया के पास चेन पुलिंग कर शराब उतारने की कोशिश कर रहे आरोपी रंजीत कुमार को मौके से दबोच लिया गया।

जब्त की गई शराब का ब्योरा

पुलिस के मुताबिक, बरामद की गई शराब की मात्रा काफी बड़ी है, जिसमें विभिन्न ब्रांड और श्रेणियों की शराब शामिल है।

◆ 100 पेटी ब्लू लाइम देशी शराब

◆ 04 पेटी रॉयल स्टैग अंग्रेजी शराब

◆ 17 पेटी हेवडर्स 5000 बोल्ड स्ट्रांग बीयर

कुल जब्त शराब की मात्रा लगभग 1140 लीटर बताई जा रही है। इसके अलावा, आरोपी के पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है, जिससे पुलिस आगे की जांच में तस्करी नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने का प्रयास करेगी।

गैर-प्रांत सप्लाई की थी तैयारी

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी शराब की इस बड़ी खेप को गैर-प्रांत सप्लाई करने की फिराक में था। आरोपी ने नौबतपुर पुलिया के पास ट्रेन से चेन पुलिंग करके शराब की पेटियां उतारी थीं। पुलिस की सतर्कता और समय पर कार्रवाई के चलते यह बड़ी खेप गंतव्य तक पहुंचने से पहले ही जब्त कर ली गई।

पुलिस की सख्ती जारी

एसपी आदित्य लांग्हे ने बताया कि चुनावी माहौल में शराब की तस्करी पर सख्त निगरानी रखी जा रही है। जिले के विभिन्न इलाकों में चेकिंग अभियान लगातार जारी है। अवैध शराब की सप्लाई में शामिल हर व्यक्ति पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

गिरफ्तारी व बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विन्देश्वर प्रसाद पाण्डेय, उप निरीक्षक संतोष कुमार यादव, राम कुमार दुबे, कांस्टेबल गुंजन तिवारी, मनिराम दुबे, बिष्णु प्रजापति और आरपीएफ टीम में उप निरीक्षक इन्द्र कुमार, राजेश कुमार चंद, आरक्षी धर्मेंद्र कुमार सिंह, प्रधान आरक्षी बिनोद कुमार यादव, सहायक उप निरीक्षक योगेन्द्र बहादुर सिंह शामिल रहे।