तेज रफ्तार का कहर, सड़क हादसे में युवक की मौत

69

तेज रफ्तार का कहर, सड़क हादसे में युवक की मौत

चंदौली : अलीनगर थाना क्षेत्र के संघती गांव के समीप रविवार की देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में विवेक कुमार (20) नामक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद सोमवार सुबह गुस्साए ग्रामीणों ने अलीनगर-सकलडीहा मार्ग को जाम कर दिया। दो घंटे तक चले हंगामे के बाद मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए और जाम समाप्त हुआ।

हादसे की पूरी कहानी

जानकारी के अनुसार संघती गांव निवासी राम अवतार के पांच बेटों में चौथे नंबर का बेटा विवेक कुमार पॉलिटेक्निक की पढ़ाई पूरी करने के बाद इन दिनों घर पर रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। रविवार की शाम वह अपनी रोजमर्रा की पढ़ाई पूरी कर लाइब्रेरी से घर लौटा था। घर पहुंचने पर उसे बिजली की तार में गड़बड़ी का पता चला, जिसके चलते वह बाजार से नई बिजली का तार लेने के लिए चला गया।

बाजार से तार खरीदने के बाद विवेक पैदल ही वापस घर लौट रहा था। उसी दौरान, संघती गांव के समीप कुछमन की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि विवेक की मौके पर ही मौत हो गई।

ग्रामीणों का गुस्सा, दो घंटे जाम

हादसे की सूचना मिलते ही अलीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लेकिन घटना की जानकारी होते ही गुस्साए ग्रामीणों ने सोमवार सुबह अलीनगर-सकलडीहा मार्ग को जाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों का आतंक है और प्रशासन इस पर ध्यान नहीं देता।

प्रशासन के आश्वासन पर शांत हुए ग्रामीण

लगभग दो घंटे तक मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। इस दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई। मौके पर पहुंचे अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक और एसडीएम अनुपम मिश्रा ने ग्रामीणों से बातचीत की। एसडीएम ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने और दोषी वाहन चालक की शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए और जाम समाप्त किया गया।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

विवेक की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पिता राजनाथ राम, माता अनारकली और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घर में मातम का माहौल है। परिवार के लोगों ने बताया कि विवेक पढ़ाई में होनहार था और सरकारी नौकरी पाने का सपना देख रहा था।

आरोपी चालक की तलाश में जुटी पुलिस

इस संबंध में सीओ पीडीडीयू नगर कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपी वाहन चालक को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।