गड्ढे में तब्दील हुई सड़क, राहगीरों की बढ़ी मुसीबत
◆ टूटी सड़क बनी राहगीरों के लिए मुसीबत
◆ आए दिन राहगीर गिरकर हो रहे चोटिल
◆ सड़क न बनने को लेकर लोगों में आक्रोश

चंदौली : सरकार ने कच्चे रास्तों को पक्का करने की बहुत सी घोषणाएं की हुई हैं, जिन पर विभागीय अधिकारी काम करने का दावा करते हैं. लेकिन, जो सड़कें पहले से ही पक्की हैं और गड्ढों में तब्दील हो रही है उनकी तरफ न तो सरकार के नुमाइंदों का ध्यान जा रहा है और न ही विभाग के कार्यालयों में बैठे उच्च अधिकारियों का ही ध्यान जा रहा है. चहनियां वाया पीडीडीयू नगर मुख्य मार्ग गड्ढों में तब्दील होता दिखाई दे रहा है. जिसके कारण राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. जिसको लेकर लोगों में आक्रोश व्याप्त है.

बरसात के पानी से मार्ग तालाब में परिवर्तित
दरअसल, चहनियां वाया पीडीडीयू नगर मुख्य मार्ग जिसकी दूरी लगभग 20 किलोमीटर है. जो पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है. सड़क के बीच जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए है. जिसके कारण आए दिन राहगीर गड्ढों में गिरकर चोटिल हो रहे है. सबसे बुरी स्थिति चहनियां कस्बा का है. जहां सड़क को देखकर यह अनुमान लगाना कठिन है कि सड़क में गड्ढे है या गड्ढों में सड़क है. एक तो नाबदान का पानी सड़को पर बहता ही है दूसरी ओर ऊपर से बरसात के पानी से मार्ग तालाब में परिवर्तित हो गया है.

15 वर्षों से समस्या को झेल रहे राहगीर
सड़कों की मरम्मत के लिए प्रति वर्ष लाखों रुपये का बजट विभागों में आता है. सड़कों की हालत को देखकर ऐसा लगता है यह बजट मात्र फाइलों में ही पूरा हो रहा है तथा सरकार का गड्ढा मुक्त सड़कों का अभियान भी दम तोड़ता हुआ नजर आ रहा है. कस्बावासियों व राहगीरों का कहना है कि इस मार्ग को लेकर हम लोग पिछले 15 वर्षों से समस्या को झेल रहे है. जबकि इस मार्ग का बजट भी पास हो गया है. फिर भी मार्ग बनाने के लिए अभी तक एक पत्थर का टुकड़ा भी नही गिरा हुआ है. आए दिन आने-जाने वाले लोग गिरगर घायल हो रहे है.
क्या कहते है जिम्मेंदार
लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन राजेश कुमार ने बताया कि इस रोड के टेंडर को कर दिया गया है. जैसे ही टेंडर कम्प्लीट हो जाता है वैसे ही कार्य शुरू करा दिया जाएगा. फिलहाल एक महीने का समय लग सकता है.
















