बाबा कीनाराम जन्मोत्सव की तैयारियों का डीएम-एसपी ने लिया जायज़ा, 22 से 24 अगस्त तक धूमधाम से होगा आयोजन
चंदौली : चहनियां क्षेत्र के रामगढ़ स्थित अघोराचार्य बाबा कीनाराम आश्रम में आगामी 22 से 24 अगस्त तक आयोजित होने वाले 426वें जन्मोत्सव की तैयारियां ज़ोरों पर हैं। सोमवार को जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने मठ परिसर, मेला स्थल व आसपास के मार्गों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया।
विभागों को समयसीमा में काम पूरा करने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान डीएम-एसपी ने विभिन्न विभागों को समयबद्ध तरीके से सभी अधूरे कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। बिजली विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति और मरम्मत कार्य शीघ्र पूरा करने, जलनिगम को पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था करने, लोक निर्माण विभाग को मठ तक आने वाले मार्गों की मरम्मत और सुगम यातायात सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं पंचायत विभाग को साफ-सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने, तथा पुलिस विभाग को सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के आदेश दिए गए।
जन्मोत्सव को सफल बनाने के लिए सभी विभाग जिम्मेदारी निभाएं : जिलाधिकारी
जिलाधिकारी ने कहा, “बाबा कीनाराम का जन्मोत्सव हर वर्ष बड़े ही श्रद्धा और भव्यता से मनाया जाता है। इस बार भी तीन दिवसीय कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालु शामिल होंगे, इसलिए सभी विभाग समय रहते अपनी-अपनी जिम्मेदारियां पूरी करें।” उन्होंने एसडीएम को विशेष रूप से निगरानी रखने और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी।
जन्मोत्सव में भजन-कीर्तन, साधु-संतों का संगम और मेले की रौनक
कार्यक्रम के दौरान धार्मिक अनुष्ठान, भजन-कीर्तन, साधु-संतों का संगम और मेला जैसी विविध गतिविधियां होंगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अस्थायी पेयजल स्टॉल, चिकित्सा शिविर, पार्किंग स्थल और सुरक्षा घेरा भी तैयार किया जा रहा है।
जन्मोत्सव तैयारियों के निरीक्षण में कई विभागीय अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
निरीक्षण के समय एसडीएम सकलडीहा कुंदन राज कपूर, सीओ सकलडीहा स्नेहा तिवारी, सीएमओ चंदौली, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी राजेश कुमार, खण्ड विकास अधिकारी राजेश नायक, बलुआ इंस्पेक्टर डॉ. आशीष मिश्रा, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. रितेश कुमार, प्रधान मठ व्यवस्थापक अरुण सिंह, मेजर अशोक सिंह, धनंजय सिंह, प्रधान आशुतोष सिंह, सूर्यनाथ सिंह सहित कई अन्य पदाधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
बाबा कीनाराम जन्मोत्सव आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकता का संगम
अघोराचार्य बाबा कीनाराम, अघोर परंपरा के प्रणेता माने जाते हैं और देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए उनका जन्मोत्सव आस्था का महापर्व बन चुका है। रामगढ़ धाम में तीन दिनों तक चलने वाला यह आयोजन न केवल धार्मिक महत्व रखता है बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक और सामाजिक एकजुटता का भी प्रतीक है।


















