18 वर्षीय युवती से सिवान में सामूहिक दुष्कर्म, पुलिस ने आरोपियों को दबोचा
चंदौली : जिले के बलुआ थाना क्षेत्र के एक गांव में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। गांव की ही 18 वर्षीय युवती के साथ दो युवकों ने मिलकर सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के बाद पीड़िता ने रोते हुए अपने परिजनों को पूरी आपबीती सुनाई, जिसके बाद रविवार शाम को थाने में तहरीर दी गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें से एक नाबालिग है। ग्रामीणों ने पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग करते हुए प्रशासन से दोषियों को सख्त सजा देने की अपील की है।
शौच के बहाने खेत की ओर ले गए
जानकारी के अनुसार, 8 अगस्त की देर शाम पीड़िता शौच के लिए घर से निकली थी। खेत के पास गांव का ही एक युवक पहले से मौजूद था, जिसने युवती को बहला-फुसलाकर सिवान की ओर ले गया। चूंकि आरोपी गांव का ही रहने वाला था और उसका आना-जाना पीड़िता के घर में होता था, इसलिए युवती को किसी अनहोनी का अंदेशा नहीं हुआ।
सिवान में पहले से मौजूद था दूसरा आरोपी
सिवान में पहले से ही दूसरा युवक मौजूद था। आरोप है कि दोनों ने मिलकर युवती को जबरन पकड़ लिया और सिवान में खींचकर ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इस दौरान पीड़िता ने विरोध किया, लेकिन आरोपियों ने उसकी एक न सुनी।
पिता को मिली सूचना, थाने में दी तहरीर
घटना के बाद पीड़िता किसी तरह घर लौटी और रोते हुए परिजनों को पूरी घटना बताई। उस समय उसके पिता गांव से बाहर थे। फोन पर घटना की जानकारी मिलने के बाद वे तुरंत घर लौटे और रविवार की शाम को बलुआ थाने में पहुंचकर दोनों आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
थाना प्रभारी निरीक्षक आशीष मिश्रा ने बताया कि पीड़िता के पिता की तहरीर पर एक बालिग और एक नाबालिग आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया गया है। साथ ही पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


















