चंदौली में कारोबारी ने खुद को गोली मारकर दी जान, सुसाइड से पहले वायरल किया 2 मिनट का वीडियो, पत्नी-बेटी पर लगाए गंभीर आरोप

200

चंदौली में कारोबारी ने खुद को गोली मारकर दी जान, सुसाइड से पहले वायरल किया 2 मिनट का वीडियो, पत्नी-बेटी पर लगाए गंभीर आरोप

चंदौली : जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र के केशवपुर गांव में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना हुई। यहां बिल्डिंग मटेरियल के कारोबारी मनोज गोंड (50) ने पारिवारिक विवाद के चलते तमंचे से कनपटी पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले उन्होंने करीब 2 मिनट का एक वीडियो बनाया, जिसमें पत्नी और बेटी पर गंभीर आरोप लगाए और अपने जीवन को “नरक” बताकर खत्म करने का फैसला सुनाया।

सुबह हुआ विवाद, फिर कमरे में बंद होकर उठाया खौफनाक कदम

जानकारी के मुताबिक, मनोज गोंड सुबह अपनी दुकान जाने के लिए घर से निकल रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर पत्नी विजयलक्ष्मी (44) से कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि मनोज वापस घर के अंदर चले गए। बताया जा रहा है कि उन्होंने पहले मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड किया और फिर कमरे में बंद होकर तमंचे से खुद को गोली मार ली।

गोली की आवाज सुनकर पसरा सन्नाटा

गोली की आवाज सुनकर पत्नी और बेटियां कमरे की ओर दौड़ीं, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था। आसपास के लोगों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर का नजारा देख सभी दंग रह गए। मनोज का शव जमीन पर लहूलुहान अवस्था में पड़ा था। मौके पर ही उनकी मौत हो चुकी थी।

वीडियो में बोले – “अब इतना बड़ा नरक जिंदगी कैसे जी भइया”

मनोज ने सुसाइड से पहले बनाए वीडियो में पत्नी पर आरोप लगाया कि वह दूसरे आदमी को घर बुलाती है और इसका विरोध करने पर बेटी से पिटवाया। वीडियो में उन्होंने कहा – “बाबू, आज हमारी जिंदगी का आखिरी दिन है भइया। ये गोरख प्रसाद की लड़की है, ग्राम पिरखी की। ये हमारा घर बर्बाद कर दी। आज हमारी लड़की हमको मारने लगी। अब इतना बड़ा नरक जिंदगी कैसे जी भइया। जिस-जिस खानदान में ये जाती है, उसे बर्बाद करती है।” वीडियो में उन्होंने लोगों को नसीहत देते हुए कहा कि ऐसे परिवार से रिश्ता न करें और अपने हालात बताते हुए कहा – “अब हम इस जिंदगी से जा रहे हैं, बाकी आप लोग देखिएगा।”

पुलिस ने पत्नी और बेटी को लिया हिरासत में

मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मनोज के मोबाइल से मिले वीडियो के आधार पर पुलिस ने पत्नी विजयलक्ष्मी और बेटी को हिरासत में ले लिया है। एडिशनल एसपी अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद का प्रतीत हो रहा है। सभी तथ्यों की बारीकी से जांच की जा रही है।

परिवार में गहरा सदमा

मनोज गोंड के परिवार में पत्नी के अलावा तीन बेटियां हैं। बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि दो बेटियां दीपांजलि (21) और खुशी (19) घर पर रहती हैं। घटना के बाद गांव में शोक और सनसनी का माहौल है।