तिलहनी फसलों को बढ़ावा देने की पहल, तोरिया (लाही) का निःशुल्क बीज मिनीकिट प्राप्त करने का सुनहरा अवसर
चंदौली : किसानों के लिए एक अच्छी खबर है। प्रदेश सरकार द्वारा तिलहनी फसलों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राज्य सहायतित निःशुल्क तिलहन बीज मिनीकिट वितरण, प्रदर्शन एवं प्रसार कार्यक्रम के अंतर्गत तोरिया (लाही) फसल का निःशुल्क बीज मिनीकिट वितरित किया जाएगा।
जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के तहत प्रत्येक चयनित कृषक को दो किलोग्राम मात्रा का बीज मिनीकिट मिलेगा। यह वितरण पूरी तरह से पारदर्शी प्रक्रिया के तहत किया जाएगा।
इस योजना का लाभ लेने के लिए कृषकों को कृषि विभाग के पोर्टल agridarshan-up-gov-in पर 1 अगस्त से 15 अगस्त 2025 तक ऑनलाइन आवेदन करना होगा। यदि निर्धारित लक्ष्य से अधिक आवेदन प्राप्त होते हैं, तो ऑनलाइन लॉटरी प्रणाली के माध्यम से लाभार्थियों का चयन किया जाएगा।
एक कृषक को केवल एक मिनीकिट प्राप्त होगा और चयनित किसानों को पीओएस मशीन के माध्यम से राजकीय कृषि बीज भंडारों से बीज प्राप्त होगा।
बाढ़ व वर्षा से प्रभावित किसानों के लिए खास मौका
जिन किसानों की फसलें हाल की बाढ़ या अधिक वर्षा के कारण नष्ट हो गई हैं या जिनके खेत किसी कारणवश अभी खाली हैं, उनके लिए यह योजना कम समय में तैयार होने वाली लाभकारी फसल तोरिया की खेती का उत्तम अवसर है। इस फसल से वे ना केवल अपनी क्षति की भरपाई कर सकते हैं, बल्कि अच्छा मुनाफा भी कमा सकते हैं।
क्या करें किसान भाई?
अब देर न करें! इच्छुक किसान भाई तुरंत agridarshan-up-gov-in पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन आवेदन करें और इस निःशुल्क योजना का लाभ उठाकर अपनी कृषि आय को बढ़ाएं।


















