मजदूरों को काम न मिलने पर ग्राम प्रधानों का प्रदर्शन, बीडीओ से हुई तीखी बहस
चंदौली : बरहनी विकासखंड में मजदूरों को काम उपलब्ध कराने और विकास कार्यों से जुड़ी आईडी व मस्टररोल जारी करने की मांग को लेकर सोमवार को करीब 50 ग्राम प्रधानों ने ब्लॉक परिसर में पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। ग्राम प्रधान खंड विकास अधिकारी विजय कुमार सिंह के रवैये से नाराज बताए गए। प्रदर्शन के दौरान बीडीओ कार्यालय में मौजूद नहीं थे। सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचे, जिसके बाद ग्राम प्रधानों और बीडीओ के बीच करीब एक घंटे तक तीखी बहस होती रही।
ग्राम प्रधानों ने आरोप लगाया कि गांवों में मजदूरों को काम नहीं मिल पा रहा है। काम की मांग को लेकर मजदूर लगातार प्रधानों के पास पहुंचकर शिकायत कर रहे हैं, जिससे प्रधानों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रधानों का कहना था कि मजदूरों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए विकास कार्यों से संबंधित आईडी और मस्टररोल जारी किए जाएं।
विरोध प्रदर्शन की जानकारी होने पर ब्लॉक प्रमुख महेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने ग्राम प्रधानों और बीडीओ के बीच चल रही बातचीत को शांत कराने का प्रयास किया। इसके बाद बीडीओ ने ग्राम प्रधानों को भरोसा दिलाया कि जो मजदूर काम करना चाहते हैं, उनसे नियमानुसार काम कराया जाए। विकासखंड कार्यालय की ओर से इसमें किसी प्रकार की रुकावट नहीं आने दी जाएगी। आश्वासन मिलने के बाद ग्राम प्रधानों ने अपना धरना समाप्त कर दिया।
इस संबंध में खंड विकास अधिकारी विजय कुमार सिंह ने बताया कि वर्तमान में ग्राम पंचायतों में कार्य बंद हैं। ग्राम प्रधान आईडी और मस्टररोल निकलवाने के लिए आए थे। उन्होंने बताया कि लगातार रुक-रुककर हो रही भारी बारिश को देखते हुए इस समय कार्य कराना उचित नहीं समझा गया था, इसी वजह से मस्टररोल जारी करने से मना किया गया था।
बीडीओ ने बताया कि विधायक और मुख्य विकास अधिकारी के फोन के बाद वह मौके पर पहुंचे और ग्राम प्रधानों से वार्ता की। उन्होंने कहा कि जो लोग काम कराना चाहते हैं, उनके लिए मस्टररोल निकालने का आदेश कर दिया गया है। वार्ता के बाद ग्राम प्रधान भी सहमत हो गए और मामला शांत हो गया।


















