थाने में शिकायत दर्ज कराने जा रहे प्रधान के पिता और चचेरे भाई पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला, बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर
चंदौली : जिले में कानून व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। बलुआ थाना क्षेत्र के फुलपुर गांव में उस वक्त सनसनी फैल गई जब ग्राम प्रधान दिलीप कुमार के पिता बलिराम (65) और उनके चचेरे भाई रामकिशुन (50) पर खुलेआम सड़क पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया गया। हैरानी की बात यह रही कि दोनों पीड़ित थाने में गांव के ही सूरज कुमार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने जा रहे थे।
बलुआ थाने जाते समय कुल्हाड़ी से वार
जानकारी के अनुसार घटना मंगलवार सुबह करीब 10 बजे की है। आरोप है कि बलिराम और रामकिशुन एक टीवीएस बाइक से बलुआ थाना जा रहे थे। जैसे ही वे गुरेरा गांव के समीप चहनियां-सैदपुर हाईवे पर पहुंचे, तभी पीछे से बाइक पर आए सूरज कुमार ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया और अचानक कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बलिराम की आंख पर और रामकिशुन के सिर पर वार कर हमलावर मौके से फरार हो गया।
कुल्हाड़ी हमले में घायल बलिराम व रामकिशुन की हालत नाजुक, बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर
लहूलुहान हालत में दोनों किसी तरह अपनी बाइक से चहनियां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में भी स्थिति चिंताजनक देख डॉक्टरों ने तत्काल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। सूचना मिलते ही बलुआ पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ सदर देवेंद्र कुमार और बलुआ थाना प्रभारी डॉ. आशीष कुमार मिश्रा ने अस्पताल पहुंचकर घायलों के परिजनों से पूछताछ की।
हमलावर ने पहले भी किया था हमला
परिजनों का आरोप है कि आरोपी सूरज कुमार ने सात महीने पहले भी प्रधान दिलीप कुमार पर हमला किया था। बीती रात भी आरोपी ने घर में घुसकर उपद्रव मचाया और महिलाओं के विरोध पर मौके से फरार हो गया। मंगलवार सुबह सूरज कुमार ने दोबारा प्रधान के घर पहुंचकर नग्न होकर हंगामा मचाया, जिससे परेशान होकर परिजन बलुआ थाने शिकायत दर्ज कराने जा रहे थे। इस पर परिजनों ने सुबह थाने में तहरीर देने की ठानी, लेकिन रास्ते में ही यह घात लगाकर हमला कर दिया।
इस बाबत सीओ सदर देवेंद्र कुमार ने बताया कि गांव का ही सूरज नाम के एक युवक ने पुरानी रंजिश की वजह से इस घटना को अंजाम दिया। परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। अभियुक्त की गिरफ्तारी सीघ्र ही की जाएगी।


















