पूर्व जिला पंचायत सदस्य के पुत्र ने उठाया खौफनाक कदम, खुद को मारी गोली
चंदौली : सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के पचखरी गांव में सोमवार की सुबह उस वक्त मातम पसर गया, जब पूर्व जिला पंचायत सदस्य रमेश यादव के छोटे पुत्र संदीप यादव (34) ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। यह हृदयविदारक घटना सुबह करीब छह बजे की बताई जा रही है, जब संदीप ने अपने घर के बरामदे में पिता की लाइसेंसी रायफल से खुद को सिर में गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर परिवार के लोग दौड़े, लेकिन तब तक संदीप दम तोड़ चुका था।
पारिवारिक विवाद में युवक ने की आत्महत्या
घटना की जानकारी मिलते ही सकलडीहा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। क्षेत्राधिकारी सकलडीहा रघुराज ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का कारण पारिवारिक विवाद प्रतीत हो रहा है। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और परिजनों से पूछताछ भी की जा रही है।
वाराणसी में किराए के मकान में रह रहे थे पत्नी-पुत्र
पूर्व ग्राम प्रधान और जिला पंचायत सदस्य रह चुके रमेश यादव अपने गांव में विद्यालय संचालित करते हैं। उनके दोनों बेटे प्रदीप और संदीप भी विद्यालय प्रबंधन से जुड़े थे। बताया जा रहा है कि संदीप बीते कुछ समय से मानसिक तनाव और पारिवारिक कलह से परेशान चल रहा था। उसकी पत्नी अपने पांच वर्षीय पुत्र के साथ वाराणसी में किराए के मकान में रहती है।
दुःखद हादसे के बाद गांव में सन्नाटा
घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। संदीप की असामयिक और दर्दनाक मौत से परिवार के लोग सदमे में हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। समाज के लोगों और जनप्रतिनिधियों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। वही घटना को लेकर पुलिस जांच में जुटी है और हर पहलू पर गहन छानबीन कर रही है।


















