नेशनल हाईवे किनारे संदिग्ध हालात में मिला अज्ञात महिला का शव, इलाके में सनसनी, पुलिस जांच में जुटी

44

नेशनल हाईवे किनारे संदिग्ध हालात में मिला अज्ञात महिला का शव, इलाके में सनसनी, पुलिस जांच में जुटी

चंदौली : जिले के सैयदराजा थाना क्षेत्र अंतर्गत बगही गांव के समीप नेशनल हाईवे-19 पर उस समय हड़कंप मच गया जब सड़क किनारे एक अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना क्षेत्रवासियों को मिली। यह घटना मंगलवार सुबह प्रकाश में आई, जब स्थानीय लोगों की नजर जमानिया मार्ग के पास एक पेड़ के नीचे पड़े शव पर पड़ी।

बताया जा रहा है कि मृत महिला की उम्र लगभग 50 वर्ष के आसपास है। शव की स्थिति और स्थान को देखकर मामला पूरी तरह संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। सूचना मिलते ही सैयदराजा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त की कोशिशों में जुट गई। लेकिन, अब तक शव की पहचान नहीं हो सकी है, जिससे पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं।

स्थानीय ग्रामीणों ने सबसे पहले शव को देखा और तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है। शव की स्थिति देखकर ऐसा अंदेशा जताया जा रहा है कि महिला की मौत कहीं और हुई हो और शव को यहां लाकर फेंका गया हो, हालांकि पुलिस इस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आस-पास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्टों को खंगाला जा रहा है, ताकि महिला की पहचान की जा सके। महिला की मौत दुर्घटना है, आत्महत्या या फिर हत्या—इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल इस घटना से क्षेत्र में सनसनी का माहौल बना हुआ है।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि महिला की शिनाख्त होने के बाद ही मामले की सही तस्वीर सामने आएगी और तभी मौत के कारणों की सटीक जानकारी मिल सकेगी।