मनबढ़ युवक ने असलहा लहराकर दी दुकानदार को धमकी, वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने की गिरफ्तारी

125

मनबढ़ युवक ने असलहा लहराकर दी दुकानदार को धमकी, वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने की गिरफ्तारी

चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहरगंज में सोमवार की शाम उस समय सनसनी फैल गई जब एक मनबढ़ युवक ने शराब ठेके के पास स्थित बक्सा दुकान के दुकानदार को असलहा लहराकर जान से मारने की धमकी दी। युवक की इस हरकत का वीडियो जब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो पुलिस हरकत में आई और देर रात तक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

शराब ठेके के पास बोतल फोड़कर किया उत्पात

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बलुआ थाना क्षेत्र के सेवढी गांव निवासी अन्नू पाण्डेय नामक युवक सोमवार की शाम नशे की हालत में कम्पोजिट शराब ठेके के पास पहुंचा। नशे में धुत युवक ने पहले शराब की बोतल उठाकर बगल में स्थित बक्सा दुकान के सामने ज़मीन पर पटक दी और उसे फोड़ दिया। दुकानदार फिरोज जब इसका विरोध करने लगा, तो युवक ने तमंचा (देशी असलहा) लहराते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई और देखते ही देखते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो वायरल होते ही इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तुरंत बलुआ पुलिस को दी।

पुलिस ने देर रात आरोपी को दबोचा

मामले की गंभीरता को देखते हुए बलुआ पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी अन्नू पाण्डेय को देर रात उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुकानदार फिरोज की तहरीर के आधार पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा किया दर्ज

इस संबंध में बलुआ थाना प्रभारी निरीक्षक डॉ. आशीष मिश्रा ने बताया कि, “घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम को सक्रिय किया गया और आरोपी को देर रात गिरफ्तार कर लिया गया है। दुकानदार की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर मामले की जांच की जा रही है। आरोपी से पूछताछ के साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि असलहा लाइसेंसी था या अवैध।”

स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि ऐसे मनबढ़ तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई से भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगेगी। इलाके में इस घटना को लेकर दहशत का माहौल है, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से लोगों को कुछ राहत भी मिली है।