ग्राम प्रधान के चार वर्षीय पौत्र की हत्या, चाचा निकला हत्यारा, कुएं से बरामद हुआ शव
चंदौली : जिले के नौरंगाबाद गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। दो सप्ताह पूर्व रहस्यमय ढंग से लापता हुए ग्राम प्रधान अरशद अली के चार वर्षीय पौत्र मंजर अली का शव धानापुर थाना क्षेत्र के रायपुर स्थित एक पेट्रोल पंप के पास कुएं से बरामद किया गया। शव मिलने की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम छा गया।
परिवार के ही सदस्य ने किया खौफनाक कृत्य
पुलिस जांच में यह सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि मासूम की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके सगे चाचा असलम ने ही की। पुलिस के अनुसार, पारिवारिक विवाद के चलते असलम ने इस निर्मम हत्या को अंजाम दिया।
कड़ी पूछताछ में कबूला जुर्म
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। बच्चे के गायब होने के बाद पुलिस ने खोजबीन शुरू की। जांच के दौरान डॉग स्क्वॉड की मदद ली गई और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। एक फुटेज में आरोपी असलम को बाइक पर मंजर अली को लेकर जाते देखा गया। इसी आधार पर पुलिस ने असलम को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
प्रारंभ में असलम पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन जब कड़ाई से पूछताछ की गई तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि पारिवारिक रंजिश के चलते उसने मासूम की हत्या की और शव को घर से करीब 12 किलोमीटर दूर रायपुर के पेट्रोल पंप के पास स्थित एक कुएं में फेंक दिया।

कुएं से निकाला गया शव, मौके पर पहुंची पुलिस फोर्स
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कुएं से शव बरामद किया। शव की पहचान मंजर अली के रूप में हुई। शव मिलने के बाद ग्राम प्रधान अरशद अली और उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सीओ सकलडीहा और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंच कर घटनास्थल की जांच की। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
गांव में पसरा मातम, लोग स्तब्ध
इस घटना के बाद नौरंगाबाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। कोई भी इस बात पर यकीन नहीं कर पा रहा है कि एक चाचा अपने सगे भतीजे की इस तरह बेरहमी से हत्या कर सकता है। ग्रामीणों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषी को कठोरतम सजा देने की मांग की है। पुलिस अब पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और अन्य संभावित पहलुओं पर भी गौर कर रही है ताकि कोई भी दोषी बच न पाए।


















