धानापुर में मुटुन यादव हत्याकांड मामला, पुलिस ने दो और आरोपियों पर घोषित किया इनाम
चंदौली : जिले के धानापुर कस्बे में एक मई को दिनदहाड़े हुई चर्चित राजकुमार यादव उर्फ मुटुन यादव हत्याकांड की गुत्थी को सुलझाने की दिशा में पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने फरार चल रहे दो और आरोपियों की पहचान करते हुए उन पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। इनकी पहचान बिहार के कैमूर जिले के थाना भभुआ शिवपुर निवासी राघवेंद्र सिंह और अखिलेश सिंह के रूप में हुई है, जो आपस में चाचा-भतीजा हैं। इन दोनों में राघवेंद्र सिंह मुख्य आरोपी गोपाल सिंह का मामा बताया जा रहा है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह दोनों आरोपी हत्याकांड में सीधे तौर पर शामिल रहे हैं और घटना के बाद से फरार चल रहे हैं। इनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। एसपी के निर्देश पर गठित टीमें सीमावर्ती इलाकों में भी इनकी तलाश में छापेमारी कर रही हैं।
गौरतलब है कि एक मई को धानापुर कस्बा स्थित बस स्टैंड के पास दिनदहाड़े बदमाशों ने राजकुमार यादव उर्फ मुटुन यादव की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी थी। इस सनसनीखेज वारदात ने जिलेभर में हड़कंप मचा दिया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टरों ने मृतक के शरीर से कुल 13 गोलियां बरामद की थीं, जो इस बात को दर्शाता है कि हमलावर किस कदर तैयार और बेरहम थे।
अब तक की जांच में पुलिस ने इस हत्याकांड में संलिप्त कुल छह आरोपियों की पहचान की है। इनमें से एक आरोपी मनोज तिवारी को घटना में प्रयुक्त बाइक को ठिकाने लगाने के आरोप में पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वहीं, मुख्य आरोपी गोपाल सिंह, अभिषेक सिंह उर्फ पहलवान और विशाल पासी पर पहले ही 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया जा चुका है।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि इस जघन्य अपराध में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए जनपद पुलिस के साथ-साथ सर्विलांस और क्राइम ब्रांच की टीम को भी लगाया गया है। जल्द ही अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।
मुटुन यादव की हत्या को लेकर क्षेत्र में अब भी गुस्सा और आक्रोश का माहौल है। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए स्थानीय लोग लगातार प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस की सक्रियता और इनामी घोषणा से अब यह साफ संकेत मिल रहे हैं कि जल्द ही इस हत्याकांड की परतें पूरी तरह खुलकर सामने आ सकती हैं।


















