चंदौली के नेगुरा गांव में आपसी विवाद ने लिया हिंसक रूप, एक की मौत, कई घायल
चंदौली : जनपद के सदर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत नेगुरा गांव में शनिवार को उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया जब मामूली आपसी विवाद ने विकराल रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई, जिसमें ईंट, पत्थर और लाठियों का जमकर प्रयोग हुआ। जिसमें दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। तत्काल प्रभाव से पुलिस प्रशासन हरकत में आया और मौके पर एसपी, एडिशनल एसपी, सीओ सहित भारी संख्या में फोर्स पहुंच गई। मौके पर भारी संख्या में फोर्स तैनात कर दी गई। गांव में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है, लेकिन पुलिस बल की मुस्तैदी से माहौल को नियंत्रण में रखा गया है।
जानकारी के अनुसार, दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो कुछ ही मिनटों में हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। मारपीट में एक पक्ष की महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं, वहीं दूसरे पक्ष के एक व्यक्ति को गंभीर चोट लग गई। लोगों ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहाँ चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को बीएचयू ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। सूत्रों के अनुसार गंभीर घायल व्यक्ति ट्रामा सेंटर ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
नेगुरा गांव में हुई इस घटना ने न सिर्फ स्थानीय लोगों को दहशत में डाल दिया, बल्कि प्रशासनिक अमले को भी सतर्क कर दिया है। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती जारी है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने को कहा है।

इस बाबत सीओ सदर राजेश राय ने बताया कि कोतवाली चंदौली अंतर्गत नेगुरा गांव में दो पक्षों में वाद-विवाद और मारपीट की सूचना प्राप्त हुई थी। ओस सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंचकर शांति व्यवस्था हेतु समुचित कार्रवाई की गई। घटना के सम्बंध में जानकारी प्राप्त करने पर प्रथम दृष्टया जानकारी प्राप्त हुई है कि उसी गांव के निवासी दो पक्षों में पिकअप गाड़ी और मोटरसाइकिल में पास देने की बात पर गांव के बाहर नहर रास्ते पर विवाद हुआ था। पुनः दोनों पक्ष गांव में पहुंचकर आपस में मारपीट कर लिए जिसमें दोनों पक्षों को चोटें आई। घायलों को तत्काल इलाज हेतु जिला अस्पताल भेजा गया। जिसमें एक व्यक्ति को बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर किया गया था। जिसकी ट्रामा सेंटर में मृत्यु हो गई है। घटना के सम्बंध में मृतक के परिजनों से तहरीर प्राप्त की जा रही है। घटना के सम्बंध में दो व्यक्तियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है और इस प्रकरण में समुचित विधिक कार्रवाई प्रचलित है।


















