जेसीबी मरम्मत कर रहे ऑपरेटर-ड्राइबर पर दर्जनों हमलावरों का हमला, पुलिस जांच में जुटी
चंदौली (सकलडीहा) : क्षेत्र के तेनुवट गांव में बीती रात उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक दर्जन से अधिक हमलावरों ने खेत में जेसीबी मरम्मत कार्य कर रहे जेसीबी मशीन संचालक और ड्राइवर पर लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हमलावरों ने मौके पर खड़ी जेसीबी मशीन के शीशे तोड़ दिए और एक मोटरसाइकिल को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।
पीड़ित किसी तरह जान बचाकर सकलडीहा कोतवाली पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी। उन्होंने छह नामजद समेत कई अज्ञात हमलावरों के खिलाफ लिखित तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बलुआ थाना क्षेत्र के खोनपुर गांव निवासी धनंजय यादव की जेसीबी मशीन तेनुवट गांव में खेत समतलीकरण के कार्य में लगी थी। शनिवार की शाम करीब 6 बजे जेसीबी मशीन का प्रेशर पाइप खराब हो गया, जिसे लाने के लिए धनंजय अपने ड्राइवर रिंकू सिंह उर्फ संदीप कुमार सिंह के साथ वाराणसी चले गए। रात करीब 10:30 बजे दोनों जेसीबी के पास पहुंचे और मरम्मत कार्य शुरू ही किया था कि अचानक दर्जनों से अधिक हमलावरों ने उन्हें घेर लिया।
आरोप है कि हमलावरों ने बिना कुछ कहे लोहे की रॉड और डंडों से दोनों पर टूट पड़े। किसी तरह जान बचाकर भागे पीड़ितों ने सकलडीहा कोतवाली में शरण ली। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके पर जांच टीम भेज दी है।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी (सीओ) सकलडीहा रघुराज ने बताया कि पीड़ितों से तहरीर प्राप्त हो चुकी है। मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


















